ABC News: छत्तीसगढ़ के सुकमा में नक्सली हमले में बलिदान हुए महाराजपुर के नौगवां गांव के शैलेंद्र का पार्थिव शरीर अब मंगलवार सुबह कानपुर लाया जाएगा. बलिदानी शैलेंद्र के पार्थिव शरीर को लेकर दिनभर गांव के लोग इंतजार करते रहे. सीआरपीएफ के बलिदानी जवान के पार्थिव शरीर के इंतजार के बीच उनके परिवार के लोगों ने स्मारक बनवाने की मांग की है.

दरअसल, बलिदानी जवान का परिवार भूमिहीन की श्रेणी में आता है. यहां पर ग्रामीणों ने बताया कि जवान के परिवार के पास पट्टे पर डेढ़ बीघा ही जमीन है. ऐसे में परिवार का भरण पोषण बेहतर ढंग से हो सके, इसके लिए सरकार से प्रभावित परिवार के लिए पट्टे पर जमीन की भी मांग की गई. इन बीच, दोपहर में एडीएम फाईनेंस बलिदानी जवान के परिवार से मिलने पहुंचे. यहां पर परिवार के लोगों ने मुआवजे के साथ ही बलिदानी जवान की पत्नी के लिए नौकरी और स्मारक बनवाने की मांग की. शैलेंद्र के भाई नीरज का कहना है कि स्मारक बनवाने की मांग पर अफसर गोलमोल कर रहे हैं और सही जगह का चुनाव नहीं कर रहे हैं.

इस बीच, बलिदानी जवान से मिलने के लिए सपा नेताओं का दल भी नौगांव में पहुंचा. यहां पर सपा नगर ग्रामीण अध्यक्ष मुनींद्र शुक्ल, विधायक अमिताभ बाजपेयी, मो. हसन रूमी ने पीड़ित परिवार के लोगों से बातचीत की. सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी ने एसडीएम सदर से भी बातचीत की. सपा नेताओं ने कहा कि बलिदानी जवान के परिवार की मांग को पूरा करना सरकार की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि मुआवजा, नौकरी और स्मारक की मांग पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए.

