ABC NEWS: ग्रहों के राजा सूर्य का राशि परिवर्तन आज होने वाला है. आज 16 नवंबर दिन बुधवार को शाम 07 बजकर 28 मिनट पर सूर्य का राशि परिवर्तन होगा. सूर्य देव तुला राशि से निकलकर वृश्चिक राशि में गोचर करेंगे. सूर्य वृश्चिक राशि में आज से लेकर 16 दिसंबर शुक्रवार तक विद्यमान रहेंगे. श्री कल्लाजी वैदिक विश्वविद्यालय के ज्योतिष विभागाध्यक्ष डॉ मृत्युञ्जय तिवारी से जानते हैं कि सूर्य का राशि परिवर्तन आपकी राशि पर क्या प्रभाव डालने वाला है.
सूर्य राशि परिवर्तन 2022 राशियों पर प्रभाव
मेष: सूर्य गोचर नवविवाहितों के लिए संतान योग बना रहा है. नौकरी और बिजनेस से जुड़े लोगों को अपने काम के प्रति सजग रहना होगा. लापरवाही से हानि हो सकती है. पद और प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी, लेकिन जीवन में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है.
वृष: सूर्य के प्रभाव से नौकरी और बिजनेस में समय अनुकूल है. कोई सरकारी काम पाने का प्रयास सफल होगा. दांपत्य जीवन में जीवनसाथी के प्रति नरम रवैया रखें. बातों की कटुता से विवाद होगा.
मिथुन: नौकरी या बिनजेस में सफलता की जो भी योजना बनाई है, वह सफल साबित होगी. विदेश में नौकरी या पढ़ाई का सपना पूरा हो सकता है. यात्रा से आपको लाभ होगा. सेहत का ध्यान रखना होगा.
कर्क: सूर्य का गोचर आपके आर्थिक पक्ष को मजबूत करेगा. कार्य क्षेत्र में सफलता का योग बना हुआ है.उधार दिया गया धन वापस मिलने से खुशी होगी. यदि कोई नया कार्य करना चाहते हैं तो कर डालें, सोचे नहीं, समय अनुकूल बना हुआ है.
सिंह: सूर्य का राशि परिवर्तन आपको सावधान करने वाला है. यात्रा के समय सही से वाहन चलाएं, दुर्घटना हो सकती है. सामान चोरी होने या फिर कोई दुखद समाचार प्राप्त हो सकता है. नया वाहन खरीदने का योग है.
कन्या: सूर्य का यह गोचर आपको कठिन हालात में भी सफलता प्रदान करने वाला है. यह आपकी मेहनत और साहस से संभव होगा. आप किसी कार्य को करने जा रहे हैं तो उसे बारे में किसी को न बताएं. गोपनीयता बनाकर काम करें, सफल रहेंगे.
तुला: कार्यस्थल पर वाद विवाद से बचना होगा. यह आपके लिए हानिकारक हो सकता है. बिजनेस या फिर नौकरी में कोई नया प्रस्ताव मिल सकता है. परिवार में विवाद से दूर रहें. सेहत का ध्यान रखें.
वृश्चिक: सूर्य का गोचर इस राशि में है. इस वजह से सूर्य के प्रभाव से आपको कार्यों में सफलता प्राप्त होगी. पद, प्रतिष्ठा, यश और कीर्ति में वृद्धि होगी. सरकारी नौकरी के लिए समय अनुकूल है. हालांकि इस दौरान स्वास्थ्य समस्याएं परेशान कर सकती हैं.
धनु: आपके लिए सूर्य का राशि परिवर्तन मिला जुला प्रभाव देने वाला साबित होगा. आप अपने विरोधियों पर जीत हासिल करेंगे. कोर्ट केस में फैसला आपके पक्ष में आ सकता है. यात्रा से कष्ट, दुखद समाचार और कष्टपूर्ण यात्रा का योग बन रहा है.
मकर: सूर्य के प्रभाव से आपको कार्यक्षेत्र में सफलता प्राप्त होगी. अपने बच्चों को लेकर आपके मन में जो भी चिंताएं हैं, वे दूर होंगी. दांपत्य जीवन या लव लाइफ में उत्साह का अभाव रहेगा. कार्यों में परिवार का सहयोग मिलेगा.
कुंभ: सूर्य देव की कृपा से आपको बिजनेस में लाभ होगा. इस समय में आप कोई नया वाहन खरीदना चाहते हैं या फिर कोई मकान या फ्लैट खरीदना चाहते हैं तो उसमें सफलता प्राप्त होगी. सरकारी नौकरी के लिए प्रयास का अच्छा समय है.
मीन: सूर्य के प्रभाव से धार्मिक कार्यों में मन लगेगा. पूजा पाठ और मांगलिकार्यों में शामिल होने का अवसर मिलेगा. सामाजिक कार्यों में बढ़चढ़कर हिस्सा लेंगे. इससे आपको मानसिक संतुष्टि मिलेगी. आपके फैसलों की सराहना होगी. कोई सरकारी काम मिल सकता है.

