ABC NEWS: कानपुर में डेंगू और वायरल बुखार कहर बरपा रहा है बुखार के मरीज डेंगू जैसे लक्षण के साथ अस्पताल पहुंच रहे हैं. जांच में डेंगू की पुष्टि नहीं हो रही है, लेकिन प्लेटलेट्स काउंट कम पाए जा रहे हैं. ऐसे मरीजों से एलएलआर अस्पताल और उर्सला अस्पताल के वार्ड पटे हैं. कमोवेश, यही हाल डाक्टरों के निजी क्लीनिक और निजी अस्पतालों का भी है.
एलएलआर अस्पताल के मेडिसिन विभाग के वार्डों में वायरल बुखार के 32 मरीज भर्ती हैं, उनमें डेंगू जैसे लक्षण हैं. डेंगू का संदेह होने पर उन सभी के ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए जीएसवीएम मेडिकल कालेज के माइक्रोबायोलाजी विभाग की लैब भेजा है.
उप प्राचार्य एवं मेडिसिन विभागाध्यक्ष प्रो. रिचा गिरि ने बताया कि वायरल बुखार के मरीज कम प्लेटलेट्स काउंट के साथ आ रहे हैं. बुखार के 32 मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं. डेंगू के तीन मरीज भर्ती हैं, जिन्हें मच्छरदानी मुहैया कराई गई है. वहीं, उर्सला अस्पताल में डेंगू का एक मरीज भर्ती है.
सीएमएस डा. शैलेंद्र तिवारी ने बताया कि वायरल बुखार के 23 मरीज भर्ती हैं, उनके सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं. लैब से प्रतिदिन आठ-10 मरीजों में डेंगू के संक्रमण की पुष्टि हो रही है.
नकार रहे निजी लैब की रिपोर्ट
निजी अस्पतालों व क्लीनिक में बड़ी संख्या में बुखार के मरीजों का इलाज चल रहा है. डाक्टरों का कहना है कि निजी लैब में जांच कराने पर डेंगू की पुष्टि होने के बाद भी स्वास्थ्य महकमा उसे मानने को तैयार नहीं है. इस वजह से डेंगू व बुखार को लेकर भयावह स्थिति उत्पन्न हो रही है.

