ABC NEWS: नगर निकाय को लेकर कानपुर में तैयारियां तेज हो गई है. बुधवार को विकास भवन में चुनाव को लेकर पहली बड़ी बैठक डीएम विशाख जी की अध्यक्षता में शुरू हो गई है. माना जा रहा है कि नगर निकाय चुनाव नवंबर के आखिरी सप्ताह में कराए जा सकते हैं. इस महीने के आखिरी सप्ताह में नया परिसीमन भी आ सकता है. मतदान केंद्रों में व्यवस्थाओं को ठीक करने के लिए नगर निगम को जिम्मेदारी सौंपी गई है.
15 नोडल अधिकारी बनाए गए
बैठक में निकाय चुनाव को स्वतंत्र निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण कराने को लेकर चर्चा की जा रही है. इसके साथ ही परिवहन व्यवस्था, काउंटिंग स्थलों का निरीक्षण, वीडियोग्राफी, कोविड प्रोटोकॉल का पालन, सुरक्षा व्यवस्था, डाक मतपत्र, ईवीएम जांच आदि व्यवस्थाओं को लेकर दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं. चुनाव से संबंधित अलग-अलग कामों के लिए 15 नोडल अफसर बनाए गए हैं.

नौबस्ता गल्ला मंडी से पोलिंग पार्टियां होंगी रवाना
EVM के रखरखाव की व्यवस्था कर रिपोर्ट देने को कहा गया है. ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की जांच भी एक या दो दिनों में शुरू हो जाएगी. वहीं नौबस्ता गल्ला मंडी में मतगणना स्थल और पोलिंग पार्टियों की रवानगी को लेकर समीक्षा की गई.
नवंबर में लग सकती है आचार संहिता
वर्तमान में नगर निकाय का कार्यकाल नवंबर में पूरा हो रहा है. दिसंबर से महानगर में नई सरकार का गठन कर दिया जाएगा, ऐसी पूरी संभावना है. चुनाव आयोग नवंबर के शुरुआत में चुनाव आचार संहिता भी लागू कर सकता है. इसको लेकर अटकलें तेज हो गई हैं.

