ABC News: इंट्रा नेजल कोविड वैक्सीन के इमरजेंसी इस्तेमाल की अनुमति के साथ ही कानपुर को भी एक उपलब्धि हासिल हो गई. इसके ट्रायल का हिस्सा 93 कनपुरिये भी रहे. इनमें 38 महिलाएं और 55 पुरुष हैं. नेजल वैक्सीन इंजेक्टेबल कोविड वैक्सीन से ज्यादा कारगर साबित हुई है. यह वैक्सीन लेने वाले किसी भी वालंटियर को ओमीक्रोन की लहर में संक्रमण नहीं हुआ. इससे उनका परिवार भी कोरोना संक्रमण से बचा रहा.

इंट्रा नेजल वैक्सीन दोहरी प्रभावी साबित हुई है. ये सांस ऊपर-नीचे होने की प्रक्रिया में संक्रमण की आशंका को रोकती है. वहीं, इंजेक्टेबल वैक्सीन का असर लोअर सांस प्रक्रिया में ही दिखा है. साथ ही जो रिजल्ट जारी हुए हैं, उनके अनुसार, इस वैक्सीन को नाक से दिए जाने के कारण वालिंटियर्स को कोरोना संक्रमण नहीं मिला और न ही उन्होंने किसी को संक्रमण दिया. कानपुर के प्रखर हॉस्पिटल में भारत बायोटेक की इंट्रा नेजल वैक्सीन (बीबीवी 154) के दूसरे फेज का ह्यूमन क्लीनिकल ट्रायल अगस्त में किया गया था. इसमें शामिल सभी वालिंटियर्स में एंटी बॉडी टाइटर टेस्ट में 86 फीसदी तक एंटीबाडी मिली. इंट्रा नेजल कोविड वैक्सीन ट्रायल के चीफ गाइड प्रो. जेएस कुशवाहा के मुताबिक यूपी में सिर्फ कानपुर में हमारे सेन्टर पर ही इंट्रा नेजल वैक्सीन का ट्रायल किया गया. इसकी बढ़िया प्रभावकारिता के चलते ही 86 फीसदी एंटीबॉडी सभी वालंटियरों में मिली है.

