ABC News: भारतीय महिला टीम की उप कप्तान स्मृति मंधाना ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक और इतिहास रच दिया है. उन्होंने केवल 50 गेंदों में शतक ठोककर एक और रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. इसी मैच में ऑस्ट्रेलिया की एक बल्लेबाज ने 57 गेंदों में शतक लगाया था. उनका ये रिकॉर्ड तोड़ते हुए स्मृति मंधाना महिला वनडे में सबसे तेज शतक ठोकने वाली दुनिया की दूसरे नंबर की बल्लेबाज बन गई हैं. इसके अलावा वो भारत की ओर से वनडे में सबसे तेज शतक ठोकने वाली पहली बल्लेबाज बन गई हैं.

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे सीरीज में अपना शानदार फॉर्म जारी रखा. उन्होंने तीसरे वनडे में भी शतक (125) लगाया. यह उनके वनडे करियर का कुल 13वां और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथा शतक साबित हुआ. उन्होंने दूसरे मुकाबले में 117 रन की शानदार पारी खेली थी. मंधाना ने वनडे क्रिकेट के इतिहास का दूसरा सबसे तेज (50 गेंद) शतक भी लगाया. इससे पहले, भारतीय टीम 413 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी थी. मंधाना ने पहली गेंद से ही आक्रामक क्रिकेट खेली. उन्होंने 63 गेंदों का सामना किया और 125 रन बनाए. उनके बल्ले से 17 चौके और 5 छक्के निकले. उनकी स्ट्राइक रेट 198.41 की रही.

मंधाना ने हरलीन देओल के साथ मिलकर सिर्फ 31 गेंदों में 53 रन की साझेदारी निभाई. इसके बाद उन्होंने हरमनप्रीत कौर के साथ मिलकर सिर्फ 69 गेंदों में 121 रन की साझेदारी निभाई. मंधाना अब वनडे क्रिकेट में संयुक्त रूप से दूसरी सर्वाधिक शतक जड़ने वाली बल्लेबाज बन गईं हैं. ऑस्ट्रेलिया की मेग लैनिंग इस सूची में पहले स्थान पर हैं. उन्होंने वनडे करियर में सर्वाधिक 15 शतक लगाए थे. मंधाना ने न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स की बराबरी की है. बेट्स ने भी अपने वनडे करियर में 13 शतक लगाए हैं. पिछले मैच में मंधाना ने इंग्लैंड की टैमी ब्यूमोंट की बराबरी की थी, जिन्होंने 12 शतक लगाए हैं.

