ABC NEWS: कानपुर के चकेरी श्यामनगर के 12वीं के छात्र के हत्याकांड के मामले में बुधवार सुबह छात्र का शव अंतिम संस्कार के लिए ले जाते वक्त भी स्वजन ने स्कूल के सामने हंगामा करने का प्रयास किया. हालांकि पुलिस ने जल्द ही आक्रोशित स्वजन को समझाकर शांत कराया जिसके बाद पुलिस की निगरानी में छात्र के शव का अंतिम संस्कार हुआ.
चकेरी के श्याम नगर डी ब्लॉक निवासी संजय सरकार का 18 वर्षीय बेटा रोनिल क्षेत्र के वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर में इंटर का छात्र था. सोमवार को वह स्कूल गया था। रोज की तरह रोनिल के घर नहीं लौटने पर स्वजन ने चकेरी थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी जिसके बाद मंगलवार को उसका शव स्कूल से करीब एक किलोमीटर दूर भगवंत टटिया के पास रेलवे ट्रैक किनारे सेना के जंगल में मिला. पोस्टमार्टम प्रक्रिया के बाद पुष्टि हुई कि छात्र से मारपीट करने के बाद उसकी गला दबाकर हत्या की गई है. पोस्टमार्टम प्रक्रिया के बाद मंगलवार रात को स्वजन ने छात्र का शव लेने से इनकार कर दिया.

आक्रोशित स्वजनों का कहना था कि जब तक आरोपितों की गिरफ्तारी और घटना का खुलासा नहीं होगा वह शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे. इस दौरान मौके पर पहुंचे एसीपी कैंट मृगांक शेखर पाठक ने जल्द ही मामले का खुलासा करने और आरोपितों को सख्त से सख्त सजा दिलाने की बात कहकर आक्रोशित स्वजनों को शांत कराया जिसके बाद हंगामे की आशंका पर छात्र के घर के बाद पुलिस बल भी तैनात किया गया. बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे स्वजन छात्र के शव को लेकर अंतिम संस्कार के लिए निकले. उनके साथ पुलिस बल भी मौजूद था। इस दौरान छात्र के स्वजनों ने वीरेंद्र स्वरूप स्कूल के बाहर शव रोककर हंगामा करने का प्रयास किया. हालांकि पुलिस ने 10 मिनट के अंदर ही आक्रोशित स्वजनों को समझाकर वहाँ से रवाना किया जिसके बाद पुलिस की मौजूदगी में भैरव घाट में छात्र का अंतिम संस्कार हुआ.

स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
छात्र के स्वजनों का कहना है कि वह स्कूल से ही लापता हुआ था जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई. स्कूल के छात्र की इस तरह से हत्या होने के बावजूद वहां के प्रशासन ने स्कूल बंद नहीं किया और ना ही किसी सक्षम अधिकारी या शिक्षक ने बात करने या जानकारी देने का प्रयास किया जबकि स्कूल से निकलने के बाद ही छात्र की हत्या की गई है.

