ABC NEWS: महराजगंज जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां कोल्हुई थाना क्षेत्र के रुदलापुर गांव में निर्माणाधीन मकान की छत गिरने से 30 लोग दब गए. इस घटना में दो मजदूर की मौत हो गई है.
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल भेजा है. हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है. मृतकों की पहचान नीरज (20) निवासी बेलवा खुर्द और दूसरा पिपरा परसीनी निवासी ऐश कुमार (25) के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर भीड़ जुट गई है.
दुर्घटना के बाद आस-पास के लोगों में अफरा तफरी मच गई. छत गिरने के बाद लोगों में चीख-पुकार मच गई. बताया जा रहा है कि राहत-बचाव का कार्य अभी भी जारी है. वहीं, घायलों का इलाज नजदीकी अस्पताल में किया जा रहा है. डॉक्टरों का कहना है कि तीन मजदूरों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है. जिन तीन लोगों की हालत गंभीर है उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है.

घटना कोल्हुई क्षेत्र के रूदलापुर की बताई जा रही है जहां दिन में करीब चार बजे निर्माणाधीन मैरिज हॉल की छत भरभरा कर गिर गई. जिस समय यह छत गिरी तब सभी मजदूर उसमें काम कर रहे थे. लिंटर गिरने के कारण यह हादसा हुआ है. बताया जा रहा है कि इस मलबे में कमोबेश दर्जन भर लोग दब गए. मलबे में दबने के कारण, मौके पर ही दो लोगों ने दम तोड़ दिया. जो लोग घायल हुए उन्हें एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर भेजा गया है.
जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से छत के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया. हादसे में जो घायल हुए उनमें मनोज कुमार, संतोष, प्रमोद, गोविंद, गौतम और अजय सहित कई अन्य मजदूर शामिल हैं. सभी की उम्र 18 से 40 साल के बीच बताई जा रही है. राहत बचाव का कार्य देर शाम तक चल रहा है.

