ABC NEWS: शादीशुदा महिलाओं का त्योहार करवा चौथ 13 अक्टूबर 2022 को मनाया जा रहा है. इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए सारा दिन बिना अन्न और जल के व्रत रहती हैं. रात के समय चांद को अर्घ्य देकर अपना व्रत पूरा करती हैं. करवा चौथ के दिन व्रती के लिए कई तरह के नियम धार्मिक शास्त्रों में मिलते हैं. उन्हीं नियमों में से एक है सरगी.
करवा चौथ के व्रत में सरगी का विशेष महत्व बताया गया है. आइए जानते हैं ज्योतिषी और पंडित हितेंद्र कुमार शर्मा से सरगी क्या होती है, और इसका शुभ मुहूर्त क्या है.
सरगी क्या होती है?
करवा चौथ के व्रत में सरगी विशेष महत्व रखती है. ये एक तरह की रस्म होती है इसमें सास अपनी बहू को सुहाग का सामान, फल, ड्राय फ्रूट्स और मिठाई देखकर सुखी वैवाहिक जीवन जीने का आशीर्वाद प्रदान करती हैं. परंपरा के अनुसार सरगी में रखे व्यंजनों को ग्रहण करके ही इस व्रत का शुभारंभ किया जाता है. यदि किसी महिला की सास ना हो तो यह रसम उसकी जेठानी या फिर बहन भी कर सकती है.
सरगी सेवन का शुभ मुहूर्त
धार्मिक ग्रंथों के अनुसार सरगी का सेवन ब्रह्म मुहूर्त में करना सर्वोत्तम माना गया है. इस बार सरगी सेवन का मुहूर्त 13 अक्टूबर 2022 को सुबह 4:46 से 5:36 तक है. सरगी में भूलकर भी तेल मसाले का सेवन नहीं करना चाहिए.
सरगी की थाल में क्या-क्या होना चाहिए
सरगी की थाल में सूखे मेवे, नारियल पानी, फल, मिठाई, सोलह शृंगार की वस्तुएं जैसे चूड़ी, बिंदी, कुमकुम, मेहंदी, काजल, पायल, बिछिया, महावर, सिंदूर, गजरा, लाल साड़ी, कंघी, मांग टीका, आदि होना चाहिए.

