ABC NEWS: गुरुवार को कानपुर पहुंचीं केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने विपक्षी पार्टियों पर जमकर हमला बोला. निकाय चुनाव में आरक्षण को लेकर साध्वी ने कहा कि पिछड़ों के हक की बात करने वाले सिर्फ सैफई तक ही सीमित हैं. एक पार्टी दलितों के नाम पर वोट लेती वो अपने तक सीमित है. भाजपा ही सभी के अधिकारों की रक्षा कर रही है. वह कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्रीय कार्यालय में प्रेस वार्ता में बोल रही थीं.
कांग्रेस सरकार में नहीं गठित हुआ आयोग
साध्वी ने निकाय चुनाव में ओबीसी आरक्षण को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा की गई पहल की जमकर तारीफ की. कहा कि कांग्रेस सरकार के वक्त ओबीसी आयोग का गठन नहीं हो सका, भाजपा ने ओबीसी आयोग बनाया. कांग्रेस सरकार में बसपा और सपा ने दोनों ने ही समर्थन दिया था तब पिछड़ा आयोग गठित नहीं किया गया और न किसी पार्टी ने मांग उठाई थी.

लोग कहते हैं भाजपा मुस्लिम विरोधी
साध्वी ने कहा कि लोग आरोप लगाते हैं कि भाजपा में दबे कुचले और मुस्लिमों का विरोध करती है लेकिन भाजपा ने ही अब्दुल कलाम और रामनाथ कोविंद को राष्ट्रपति बनाकर सर्वसमाज को बढ़ाया. साध्वी निरंजन ज्योति ने खुद पर बोलते हुए कहा की खेत में फड़वा चलने वाले गरीब बाप की बेटी आज बोलने का साहस दिखा रही है.
भारत जोड़ो यात्रा पर किया कटाक्ष
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को साध्वी ने कांग्रेस जोड़ो यात्रा बताया. कहा कि भारत को कैसे जोड़ा जाता है कैसे गांव गरीब तक राशन पहुंचाया जाता है ये मोदी से कांग्रेस सीखे. कांग्रेस ने सरकार रहते गरीबों को मकान नहीं दिया, उस वक्त जोड़ने का काम का काम करना चाहिए था.

