ABC News: उत्तर प्रदेश स्थित मैनपुरी लोकसभा सीट पर उपचुनाव के बीच समाजवादी पार्टी, शिवपाल सिंह यादव को मनाने की पुरजोर कोशिश कर रही है. इस बीच सपा प्रमुख ने एक तस्वीर ट्वीट कर सभी कयासों और अटकलों पर रोक लगा दी है.
नेता जी और घर के बड़ों के साथ-साथ मैनपुरी की जनता का भी आशीर्वाद साथ है! pic.twitter.com/vBcGiaMn1z
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) November 17, 2022
बता दें अखिलेश, गुरुवार को लखनऊ से सीधे सैफई आए और यहां शिवपाल सिंह यादव से मुलाकात की. इस दौरान अखिलेश के साथ डिंपल भी मौजूद थीं. नेताओं के बीच करीब 1 घंटे तक बैठक हुई. अखिलेश यादव द्वारा ट्वीट की गई इस तस्वीर में मैनपुरी उपचुनाव में सपा प्रत्याशी डिंपल यादव, चाचा शिवपाल सिंह यादव और उनके बेटे आदित्य यादव नजर आ रहे हैं. तस्वीर ट्वीट कर अखिलेश ने लिखा- नेता जी और घर के बड़ों के साथ-साथ मैनपुरी की जनता का भी आशीर्वाद साथ है! सपा प्रमुख के इस ट्वीट के बाद अब माना जा रहा है कि शिवपाल सिंह यादव को मनाने की कवायद पूरी हो गई है और वह स्पष्ट तौर पर चुनाव में डिंपल का साथ देंगे. अखिलेश यादव के साथ मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव के लिए समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी डिंपल यादव और पूर्व सांसद धर्मेन्द्र यादव भी शिवपाल सिंह यादव से मिलने उनके आवास पर पहुंचे थे. इस दौरान परिवार के सदस्यों के अलावा किसी को भी घर में प्रवेश नहीं मिला.

माना जा रहा है मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव को लेकर शिवपाल सिंह यादव के साथ कई मुद्दों पर वार्ता करने को लेकर अखिलेश यादव, डिंपल यादव तथा धर्मेन्द्र यादव उनसे मिलने पहुंचे थे. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और शिवपाल सिंह यादव के बीच मुलाकात करीब 45 मिनट तक चली. डिंपल ने चाची सरला यादव से भी मुलाकात की. इन सभी के शिवपाल के आवास पर आगमन की सूचना पर मीडिया का भी जमावड़ा लग गया. इस दौरान शिवपाल सिंह यादव के आवास से परिवार के सदस्यों के अलावा सुरक्षा के जवान एवं निजी पीएसओ भी बाहर निकाले गए थे. इन सभी के बीच 45 मिनट तक वार्ता चली. इसके बाद अखिलेश यादव एवं डिंपल यादव एक साथ गाड़ी में बैठकर बाहर निकले.

