ABC News: प्रयागराज के चर्चित विधायक राजू पाल हत्याकांड मामले में शुक्रवार को कुछ अज्ञात हमलावरों ने गवाह उमेश पाल को घर में घुसकर गोली मार दी, इसके साथ ही उन पर बम से भी हमला किया गया. हमले में गंभीर रूप से घायल उमेश को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इलाज के दौरान उमेश पाल की मौत हो गई. इसी के साथ एक गनर की मौत की खबर भी सामने आई है.

दरअसल उमेश पाल की सुरक्षा में दो पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे, जिसके बाद बदमाशों ने उमेश पाल और सुरक्षाकर्मियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इसके साथ ही देसी बमों से भी हमला किया गया. इस हमले में घायल सभी लोगों को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उमेश पाल और एक गनर की मौत हो गई. बता दें कि राजू पाल हत्याकांड में पूर्व सांसद अतीक अहमद, पूर्व विधायक अशरफ आदि आरोपी हैं. सभी आरोपी जेल में बंद हैं. वहीं, दूसरे गनर राघवेंद्र सिंह का इलाज चल रहा है. उसकी हालत भी गंभीर है. फिलहाल हमलावरों के बारे में पता नहीं चल पाया है.

राजू पाल की 2005 में कर दी गई थी हत्या
इलाहाबाद पश्चिमी के बसपा विधायक रहे राजू पाल की 25 जनवरी 2005 को सुलेमसराय में गोली मार कर हत्या कर दी गई थी. उनकी पत्नी पूजा पाल कौशाम्बी की चायल सीट से सपा से विधायक हैं. राजू पाल हत्याकांड में पूर्व सांसद अतीक अहमद व उनके छोटे भाई पूर्व विधायक खालिद अजीम उर्फ अशरफ समेत अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी. उमेश पाल घटना के मुख्य गवाह था. वह राजू पाल की पत्नी पूजा के सगी बुआ का लड़का था. राजू पाल हत्याकांड की जांच CBI ने की थी, जिसमें उमेश पाल मुख्य गवाह है. यही कारण है कि उसे कई बार जान से मारने की धमकी दी जा चुकी है. राजू पाल की पत्नी कौशाम्बी की चायल सीट से विधायक पूजा पाल भी कई बार आशंका जता चुकी हैं कि गवाही को प्रभावित करने के लिए उमेश पाल की हत्या हो सकती है. उमेश पाल ने भी जान का खतरा बताया था.

