ABC News: विश्व कप के बाद टीम इंडिया के कोच और सपोर्ट स्टाफ को लेकर तमाम अटकलें लगाई जा रही थीं, उन अटकलों पर बीसीसीआई ने अब विराम दे दिया है. बीसीसीआई ने ऐलान किया है कि राहुल द्रविण ही टीम इंडिया के हेड कोच रहेंगे. बीसीसीआई ने उनका कार्यकाल बढ़ा दिया है. वहीं, कोचिंग स्टाफ में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है.

इसका मतलब है कि द्रविड़ मुख्य कोच रहेंगे. विक्रम राठौर बल्लेबाजी कोच, पारस म्हाम्ब्रे गेंदबाजी और टी दिलीप फील्डिंग कोच के पद पर बने रहेंगे. बीसीसीआई द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गाय कि हाल ही में संपन्न विश्व कप के बाद अनुबंध की अवधि समाप्त होने के बाद बीसीसीआई ने राहुल द्रविड़ के साथ सार्थक चर्चा की और सर्वसम्मति से कार्यकाल को आगे बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की. बोर्ड भारतीय टीम को तैयार करने में द्रविड़ की महत्वपूर्ण भूमिका को स्वीकार करता है और उनकी असाधारण व्यावसायिकता की सराहना करता है. बोर्ड एनसीए के प्रमुख और स्टैंड-इन हेड कोच के रूप में उनकी अनुकरणीय भूमिकाओं के लिए वीवीएस लक्ष्मण की भी सराहना करता है. अपनी प्रसिद्ध ऑन-फील्ड साझेदारियों की तरह द्रविड़ और लक्ष्मण ने भारतीय क्रिकेट को आगे बढ़ाने में मिलकर काम किया है.

