ABC News: जनता दल (सेक्युलर) के पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना को बेंगलुरु की एक विशेष अदालत ने अपनी घरेलू सहायिका के साथ रेप के आरोप में आजीवन कारावास की सजा सुनाई है. देश के पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के पोते प्रज्वल रेवन्ना पर अदालत ने कुल 11 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है. अदालत ने इस मामले में अधिकतम सजा सुनाई है. प्रज्वल रेवन्ना को 48 साल की घरेलू सहायिका का यौन उत्पीड़न करने के मामले में यह सजा सुनाई गई है. पीड़िता ने उनके खिलाफ रेप के वीडियो को प्रसारित करने का भी आरोप लगाया था.

हासन जिले के होलेनरसीपुरा में रेवन्ना परिवार के फार्महाउस में घरेलू सहायिका के रूप में काम करने वाली महिला ने आरोप लगाया था कि प्रज्वल रेवन्ना ने 2021 से उसके साथ बार-बार रेप किया. साथ ही इस दौरान रिकॉर्डिंग भी की और धमकी दी कि अगर उसने किसी को भी अपने किए के बारे में बताया तो वह वीडियो जारी कर देगा.सांसदों और विधायकों के लिए बेंगलुरु की विशेष अदालत ने उनके खिलाफ रेप, आपराधिक धमकी और अंतरंग तस्वीरों के अवैध प्रसार सहित विभिन्न धाराओं में आरोप तय किए थे. उन्हें शुक्रवार को दोषी ठहराया गया था और शनिवार को सजा सुनाई गई. पीड़िता की ओर से पेश स्पेशल पब्लिक प्रोसिक्यूटर बीएन जगदीश ने अदालत को बताया कि पीड़िता के साथ बार-बार रेप किया गया, उसे ब्लैकमेल किया गया और यौन उत्पीड़न का वीडियो देखने के बाद उसने आत्महत्या करने पर भी विचार किया. इसके साथ ही, सजा सुनने के बाद रेवन्ना कोर्टरूम में ही रो पड़ा और कहा कि वह छह महीने से अपने माता-पिता से नहीं मिल पाया है. उसने यह भी कहा कि आरोप राजनीतिक साजिश है और चुनाव से छह दिन पहले झूठे केस दर्ज कराए गए थे. बता दें, इस केस क जांच विशेष जांच टीम (SIT) ने की थी, जिसने 1632 पन्नों की चार्जशीट दायर की थी. इसमें 113 गवाहों और 180 दस्तावेजों को शामिल किया गया था. प्रमुख सबूतों में पीड़िता के कपड़े, DNA रिपोर्ट और खुद आरोपी द्वारा बनाया गया वीडियो शामिल था.

