ABC NEWS: ( भूपेंद्र तिवारी ) महिला के घर आगजनी की घटना में आरोपित सपा विधायक इरफान सोलंकी और उनके भाई रिजवान की तलाश पुलिस ने तेज कर दी है. दोनों के खिलाफ गैर जमानती वारंट कोर्ट से लिया जा चुका है. 60 पुलिसकर्मियों की पांच टीमें टीमें चौतरफा लगा दी गई हैं. एक माह में दोनों पकड़ में नहीं आते हैं तो कुर्की की कार्रवाई शुरू की जाएगी.
जाजमऊ निवासी नजीर फातिमा के घर आगजनी के बाद विधायक व उनके भाई के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी. आठ नवबंर से पुलिस दोनों को तलाश रही है पर सुराग नहीं लग सका. फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद विधायक की पत्नी का दावा कि आग पटाखे व उसकी चिंगारी से लगी थी. पुलिस सूत्रों के मुताबिक टीमें विधायक के मोबाइल से लेकर उनके डिजिटल फुटप्रिंट्स भी तलाश में लगी हैं. एक टीम लखनऊ भेजी गई है। इटावा और सैफई में भी टीमों को अलर्ट किया गया है. पुलिस अधिकारी दावा कर रहे हैं कि जल्द दोनों भाइयों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी.
कानपुर पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड के मुताबिक विधायक और उनके भाई की तलाश तेजी से की जा रही है. कोर्ट ने भी इस बात को माना है कि दोनों का अपराध गिरफ्तारी होने के योग्य है. उनके पकड़े जाने के बाद ही घटना को लेकर पूछताछ की जाएगी। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

