ABC NEWS: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को संसद के साथी सदस्यों के साथ लंच में बाजरे का चूरमा और ज्वार की रोटी खाई. इस दौरान पीएम मोदी, राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के साथ एक ही टेबल पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी नजर आए. दरअसल, कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर ने बाजरा वर्ष 2023 को लेकर आज सांसदों के लिए लंच प्रोग्राम आयोजित किया था. प्रधानमंत्री करीब 40 मिनट तक इस कार्यक्रम में मौजूद रहे.
कृषि राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने बताया, ‘हमने ज्वार बाजरा और रागी से रोटी व मिठाई सहित कई व्यंजन तैयार किए, जिसके लिए विशेष रूप से कर्नाटक से शेफ बुलाए गए थे. मुझे खुशी है कि प्रधानमंत्री ने यहां आकर अपने भोजन का आनंद लिया. आज जो व्यंजन बनाए गए उनमें बाजरा से बनी खिचड़ी, रागी डोसा, रागी रोटी, ज्वार रोटी, हल्दी सब्जी, बाजरा, चूरमा शामिल हैं. मीठे व्यंजनों में बाजरे की खीर, बाजरा केक सहित अन्य शामिल थे.’
सासंदों से मोटे अनाज का खाना खाने की अपील
इससे पहले पीएम मोदी ने भाजपा के सभी सांसदों से अपील की कि वे अपने भोजन में ज्वार-बाजरा जैसे मोटे अनाज का खाना खाएं और देश में भी इसके प्रचलन को बढ़ावा देने के लिए जनांदोलन चलाएं। मोदी ने बीजेपी संसदीय दल की बैठक में यह आह्वान किया. बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस जयशंकर, संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी, केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और वी मुरलीधरन शामिल थे.
मोटे अनाज का भारत बड़ा उत्पादक
खास बात यह है कि अगले साल जनवरी से संयुक्त राष्ट्र महासंघ ने अंतरराष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष घोषित किया है. माना जा रहा है कि भारतीय संसद में मोटे अनाज का भोज रखे जाने की एक वजह यह भी है. मोटे अनाज का भारत में बड़े पैमाने पर उत्पादन होता है. संसदीय दल की बैठक के बाद प्रह्लाद जोशी ने कहा कि मोदी ने सांसदों से कहा कि 2023 को अंतरराष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष (इंटरनेशनल मिलेट्स ईयर) के रूप में मनाया जाएगा. हम मिलेट्स से पोषण अभियान को बढ़ावा दे सकते हैं. लाखों लोग जी-20 से जुड़े आयोजनों, बैठकों व कार्यक्रमों में भारत आएंगे, जहां भी संभव होगा, हम खाने में उनके लिए मिलेट्स से बने कुछ व्यंजन भी रखेंगे.’

