ABC News: एशिया कप का 10वें मैच से पहले जबरदस्त ड्रामा देखा गया है. मुकाबले से पहले पाकिस्तानी टीम का जबरदस्त ड्रामा देखने को मिल रहा है. मैच शुरू होने से करीब एक घंटे पहले पाकिस्तानी मीडिया ने दावा किया कि पाकिस्तान यूएई के साथ मैच नहीं खेलेगा. पाकिस्तानी टीम होटल से ग्राउंड भी नहीं पहुंची है. लेकिन पीसीबी ने दावा किया है कि मैच एक घंटे की देरी से शुरू होगा. पाकिस्तानी मीडिया के हवाले से आई खबर के अनुसार, पाकिस्तानी क्रिकेट टीम अब होटल से स्टेडियम के लिए रवाना हो गई है. एक घंटे की देरी से मैच शुरू हो सकता है.

दरअसल, भारतीय खिलाड़ियों के द्वारा हाथ न मिलाए जाने से बौखलाए पाकिस्तान ने आईसीसी को पत्र लिखकर मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट को हटाने की मांग की थी, जिसे खेल की वैश्विक संस्था ने ठुकरा दिया था. अब खबर आ रही है कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ खेले जाने वाले मुकाबले में पायक्रॉफ्ट को ही रैफरी बनाया गया है. ऐसे में पाकिस्तान टीम इस मैच से हटने का फैसला ले सकती है. वहीं, रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि पाकिस्तान की टीम अब तक होटल से नहीं निकली है. ईएसपीएनक्रिकइन्फो की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान बनाम यूएई मैच एक घंटे देरी से शुरू हो सकता है. वहीं, पाकिस्तानी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने यूएई संग मैच से पहले फिर से ICC के सामने दो प्रमुख मांगें रख दीं. पाकिस्तान का कहना है कि अगर ये दोनों मांगें नहीं मानी जाती तो वह आज बुधवार को होने वाला मैच नहीं खेलेगा. PCB की ये दोनों मांगें सामने आने के बाद पाकिस्तान के सभी खिलाड़ी होटल लॉबी में देखे गए, उनके सामान पहले से ही टीम बस में लोड थे. खिलाड़ी बोर्ड से हरी झंडी का इंतजार कर रहे थे. PCB ने एशिया कप में मैच ऑफिशियेट करने वाले अंपायर एंडी पायक्रॉफ्ट को हटाने की मांग की है. पाकिस्तानी बोर्ड का आरोप है कि पाइक्रॉफ्ट की अंपायरिंग में पक्षपातपूर्ण रवैया नजर आया है और यह पाकिस्तान टीम के लिए न्यायसंगत नहीं है. PCB का कहना है कि ऐसे अंपायर के रहते टीम की सुरक्षा और निष्पक्ष खेल सुनिश्चित नहीं हो सकता. PCB ने ICC से भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. बोर्ड का आरोप है कि सूर्यकुमार ने भारत-पाकिस्तान मैच में जीत के बाद राजनीतिक टिप्पणी की है, जो क्रिकेट के मैदान और खेल की गरिमा के खिलाफ है. PCB ने ICC से अनुरोध किया कि यादव पर पेनल्टी लगाई जाए ताकि भविष्य में में किसी खिलाड़ी द्वारा राजनीतिक टिप्पणी न की जाए.

