ABC News: सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए करो या मरो वाले मैच में पाकिस्तान ने साउथ अफ्रीका की टीम को डकवर्थ लुईस नियम के तहत 33 रन से हरा दिया है. साउथ अफ्रीका के सामने 14 ओवर में 142 रन का लक्ष्य था लेकिन टीम 14 ओवर में 9 विकेट खोकर केवल 108 रन ही बना पाई. इस जीत के साथ ही पाकिस्तान ने सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को बरकरार रखा है.

इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने इफ्तिखार अहमद और शादाब खान की अर्धशतकीय पारी के दम पर साउथ अफ्रीका के सामने 186 रन का लक्ष्य रखा था. पाकिस्तान की तरफ से शादाब खान ने 22 गेंद पर 52 तो इफ्तिखार अहमद ने 35 गेंद पर 51 रन की पारी खेली. इन दोनों के अलावा मोहम्मद हारिस ने 11 गेंद पर 28 रन की तेज तर्रार पारी खेली. साउथ अफ्रीका की तरफ से ऑनरिक नॉर्खिया ने 4 ओवर की गेंदबाजी में 4 विकेट हासिल किए. 186 रन का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही. जब टीम का स्कोर 1 रन था तो डीकॉक बिना खाता खोले आउट हो गए. उन्हें शाहीन शाह अफरीदी ने आउट किया. दूसरे विकेट के तौर पर रिले रुसो 7 रन बनाकर आउट हो गए. उन्हें शाहीन ने नसीम के हाथों कैच कराया. तीसरे विकेट के लिए बावुमा और मार्करम ने 49 रन जोड़े. चौथे विकेट के रूप में इनफॉर्म बल्लेबाज मार्करम 20 रन बनाकर आउट हुए. जब लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका का स्कोर 9 ओवर में 4 विकेट पर 69 रन था तब बारिश के कारण खेल रोका गया. उसके बाद DLS के तहत साउथ अफ्रीका को 14 ओवर में 142 रन का लक्ष्य मिला. लेकिन टीम 9 विकेट खोकर केवल 108 रन ही बना पाई. पाकिस्तान की तरफ से सबसे सफल गेंदबाज रहे शाहीन शाह अफरीदी जिन्होंने 3 विकेट जबकि शादाब खान ने 2 विकेट हासिल किया.

साउथ अफ्रीका पर जीत के साथ ही पाकिस्तान की टीम तीसरे स्थान पर आ गई है. हालांकि सेमीफाइनल में पहुंचने के उसके रास्ते कम ही सही, लेकिन अब भी खुले हैं. पाकिस्तान का सेमीफाइनल में पहुंचने का समीकरण बिल्कुल साफ है. उसे अब एक जीत और एक चमत्कार की जरूरत है. पाकिस्तान का अगला मुकाबला 6 नवंबर को बांग्लादेश से है. पाकिस्तान की टीम यह मैच भी जीत लेती है तो उसके 6 पॉइंट्स हो जाएंगे. यह तो रही बात उस जीत की जो पाकिस्तान को अब भी चाहिए. अब उस चमत्कार की बात कर लेते हैं. यह चमत्कार दो में से किसी एक मैच में भी हुआ तो बाबर आजम की टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी. ये दो मैच साउथ अफ्रीका V/S नीदरलैंड और भारत V/S जिम्बाब्वे हैं. अगर साउथ अफ्रीका या भारत में से एक भी टीम अपना आखिरी मैच हारती है तो बांग्लादेश पर विजय हासिल करने की स्थिति में पाकिस्तान सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा.

