ABC NEWS: वाराणसी में बुधवार को दर्दनाक हादसा हो गया. ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार पिता के साथ ही जवान बेटे औऱ बेटी की भी जान चली गई. हादसा रामनगर स्थित कोदोपुर बंधन लॉन के सामने हुआ. बुधवार भोर में बेटे-बेटी के साथ डायलिसिस कराकर तीनों बीएचयू अस्पताल से लौट रहे थे. परिवार की एक अन्य बेटी की चार दिन बाद 21 को बारात आने वाली थी. हादसे से खुशियों का माहौल मातम में बदल गया है. हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ट्रैक्टर को पकड़ने की कोशिश में लगी है.
डोमरी निवासी अविनाश प्रसाद (65) मंगलवार देर रात बेटी ज्योति (28) और बेटे रतनदीप (20) के साथ डायलिसिस कराने बीएचयू अस्पताल गए थे. भोर में करीब तीन बजे बीएचयू से छूटने के बाद तीनों एक ही बाइक से डोमरी स्थित अपने घर लौट रहे थे. गंगा पार करने के बाद कोदोपुर के समीप पपीछे से आए तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी.
टक्कर लगते ही तीनों गिर गए। इसी दौरान ट्रैक्टर तीनों को रौंदते हुए भाग निकला. पिता अविनाश व बेटी ज्योति की मौके पर ही मौत हो गई. रतनदीप को आसपास के लोगों ने पुलिस की मदद से बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंचाया. वहां रतनदीप ने भी दम तोड़ दिया. अविनाश प्रसाद की बड़ी बेटी प्रीति की चार दिन बाद ही 21 मई को बारात आने वाली थी। घर मे शादी का माहौल था.
एक साथ तीन लोगों की मौत से खुशियों का माहौल गम में तब्दील हो गया. अविनाश प्रसाद मूलतः डोमरी से कुछ दूर स्थित पड़ाव के रहने वाले थे. 18 साल से डोमरी में रहते थे। वह प्लास्टिक का दाना बनाने का काम करते थे. पुलिस ने तीनों शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

