ABC News: कानपुर-लखनऊ राजमार्ग की दुर्दशा को लेकर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए हैं. दरअसल, गुरूवार को सपा मुखिया अखिलेश यादव सड़क मार्ग से लखनऊ से कानपुर आए. लखनऊ से कानपुर के इस सफल में उन्हें जो अनुभव हुआ, उसे उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर भी पोस्ट किया.

अखिलेश यादव ने लिखा कि भाजपा राज में ‘लखनऊ-कानपुर’ के सड़क मार्ग पर चलने का नहीं, दरअसल गड्ढों में उछलने का कमरतोड़ कटु अनुभव हुआ. उन्होंने लिखा कि जगह-जगह उखड़ी-टूटी सड़क है. हर तरफ़ धूल-मिट्टी का ग़ुबार है. वायु-ध्वनि प्रदूषण हर तरफ़ फैला है जिसका जनता के स्वास्थ्य पर बहुत बुरा असर पड़ रहा है. जगह-जगह सड़क पर विचरते चौपाये आपकी गाड़ियों के स्वागत में तैनात से खड़े हैं, जिससे सफ़र और दूभर हो जाता है. इन सबसे यात्रा की गति और सुरक्षा दोनों बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं. सपा मुखिया ने लिखा कि सवाल ये उठता है कि ‘लखनऊ-कानपुर’ सड़क मार्ग की इस दुर्दशा और दुर्गति के लिए किसको दोषी माना जाए. क्योंकि इस सड़क को बनाने में तो केंद्र और राज्य दोनों का ही हाथ है या कहिए भ्रष्टाचार में मिलीभगत है.

