ABC NEWS: ( भूपेंद्र तिवारी ) कानपुर शहर से बीजेपी के सांसद सत्यदेव पचौरी ने मतदान की धीमी रफ्तार के लिए मतदाता सूची की गड़बड़ियों को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा कि वोटर लिस्ट बनाने में गड़बड़ी हुई है. जो पुरानी मतदाता सूची थी वही डाल दी गई. तमाम नाम गायब कर दिए गए. कई इलाकों से मेरे पास शिकायत आई है.
वोटर लिस्ट बनाने में प्रशासन ने गंभीरता नहीं बरती. जयपुरिया स्कूल डबल पुलिया में वोट डालने पहुंचे सत्यदेव पचौरी ने कहा कि जो हैं नहीं उनके नाम मतदाता सूची में हैं और हैं उनके नाम सूची से गायब हैं. सांसद ने कहा कि मतदान में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं हुई है. पुलिस प्रशासन शांतिपूर्ण ढंग से मतदान करा रहा है. यह पूछे जाने पर कि कानपुर नगर में आप किसके-किसके बीच टक्कर मान रहे हैं, जवाब में सांसद ने कहा कि यह गुप्त मतदान है.
बीजेपी सांसद ने कहा कि लोग अपनी इच्छा से वोट डाल रहे हैं. यह तो बाद में पता चलेगा कि कौन जीता और कौन हारा. इस बार परिवार संग वोट डालने नहीं आने का कारण पूछा गया तो उन्होंने कहा-परिवार बाहर है, दो बजे के बाद वोट डालने आएगा.

