ABC NEWS: आगरा में इंस्पेक्टर और सांसद के बीच तीखी बहसबाजी हो गई. बीच सड़क पर हो रही तीखी बहसबाजी का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि किस तरह से इंस्पेक्टर और सांसद एक-दूसरे पर बरसते नजर आ रहे हैं. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच बहसबाजी रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की सभा में गाड़ी अंदर ले जाने को लेकर हुई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के नौ साल पूरे होने पर आगरा के आगरा के कागारौल में स्थित किदवई इंटर कॉलेज में जनसभा का आयोजन किया गया था. इसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पहुंचे थे.
राजनाथ सिंह की जनसभा में भाजपा के कई नेता भी पहुंचे थे. राजनाथ सिंह की सभा को लेकर शहर भर में कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था भी की गई थी. जगह-जगह पर पुलिस बल तैनात था। इसी बीच किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद राजकुमार चाहर अपने काफिले के साथ निकल पड़े और जबरन सभा के अंदर गाड़ी ले जाने लगे. इसको लेकर वहां तैनात इंस्पेक्टर ने गाड़ी अंदर ले जाने पर मना किया. इतना सुने ही सांसद तमतमा गए और गाड़ी से उतरकर इंस्पेक्टर से भिड़ गए.
इंस्पेक्टर ने पहले हाथ जोड़कर सांसद से गाड़ी को हटाने की विनती की, लेकिन देखते ही देखते दोनों ओर से तीखी बहसबाजी शुरू हो गई. इंस्पेक्टर के गरम मिजाज को देखकर सांसद बोले, किस पार्टी का है तू. इंस्पेक्टर बोला मैं गद्दार नहीं ईमानदार पुलिस वाला हूं. इंस्पेक्टर और सांसद के बीच हो रही गरमा गरमी के दौरान वहां मौजूद लोगों ने दोनों को अलग करने की कोशिश. इंस्पेक्टर और सांसद के बीच सड़क पर हुई बहसबाजी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

