ABC News: नए साल की शुरुआत में ही छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. बीजापुर जिले में घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने सोमवार को जवानों की गाड़ी को निशाना बनाया है. इसमें नौ जवान बलिदान हो गए हैं. वहीं कई जवान घायल बताए जा रहे हैं.

बताया जा रहा है कि जवान नक्सल ऑपरेशन से वापस लौट रहे थे इस दौरान कुटरु मार्ग में नक्सलियों ने घात लगाकर आईईडी ब्लास्ट किया है. छत्तीसगढ़ में लगातार नक्सल ऑपरेशन से नक्सली बौखलाए हुए हैं जिसके चलते नक्सलियों ने जवानों को निशाना बनाया है. बस्तर आईजीपी सुंदरराज पी. ने नौ जवानों के बलिदान होने की पुष्टि कर दी है. इस हमले में घायल जवानों को घटनास्थल से निकाला जा रहा है. घटनास्थल पर रेस्क्यू जारी है. पिकअप में डीआरजी के कई जवान सवार थे. बताया जा रहा है कि लगभग तीन किलो का आईईडी विस्फोटक था जिससे वाहन के परखच्चे उड़ गए.

मिली जानकारी के मुताबिक जवान पंखाजूर में नक्सल ऑपरेशन को अंजाम देने के बाद वहां से वापस लौट रहे थे. फोर्स ने पखांजूर ऑपरेशन में रविवार को पांच नक्सलियों को ढेर कर दिया था. इसके बाद आज जवान वापस लौट रहे थे. इस दौरान नक्सलियों ने घात लगाकर आईईडी विस्फोट कर वाहन को उड़ा दिया. मिली जानकारी के मुताबिक आठ जवान गंभीर रूप से घायल हैं. घायल जवानों को विमान से बस्तर लाया जाएगा इसके बाद वहां से रायपुर लाने की तैयारी है. छह से ज्यादा वाहनों में अतिरिक्त बल मौके पर भेजा गया. दंतेवाड़ा से अतिरिक्त बल रवाना किया गया है.

