ABC NEWS: अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज नवीन-उल-हक और भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली के बीच आईपीएल 2023 में तकरार देखने को मिली थी. दोनों लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) मैच के दौरान आमने-सामने आ गए थे. दोनों की तीखी बहस हुई थी. नवीन ने मैच के बाद हाथ मिलने के समय कोहली का हाथ तक झटक दिया था. यहां से बात ज्यादा बिगड़ गई और फिर एलएसजी के मेंटोर गौतम गंभीर की भी विवाद में एंट्री हो गई थी.
नवीन ने कोहली से भिड़ने के बाद से अब तक कई रहस्यमयी पोस्ट सोशल मीडिया पर शेयर कर चुके हैं. इस घटना को ठीक दो महीने हो गए हैं और नवीन ने शनिवार (1 जुलाई) को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक रहस्यमयी वीडियो साझा किया. वीडियो में टाइगर और गधे की बहस की एक कहानी है. वीडियो के अंत में एक कोट है जिसके मुताबिक, किसी मूर्ख से बहस करना समय की बर्बादी है.
कोट कुछ यूं है, ”समय की सबसे बुरी बर्बादी मूर्ख और हठी के साथ बहस करना है जो सच्चाई या वास्तविकता की परवाह नहीं करता है बल्कि अपने विश्वास और भ्रम की जीत की परवाह करता है. कई ऐसे लोग हैं जिनके सामने हम चाहे कितने भी सबूत पेश करें, उनमें समझने की क्षमता नहीं और अन्य लोग अहंकार, घृणा और क्रोध में अंधे हो गए हैं. वे सिर्फ सही साबित होना चाहते हैं, भले ही वे सही ना हों.”
View this post on Instagram
गौरतलब है कि नवीन ने दो हफ्ते पहले कोहली के साथ हुए झगड़े पर कहा था कि वह ना तो किसी को कुछ गलत कहते हैं और ना ही गलत सुनना पसंद करते हैं. उन्होंने बीबीसी से बात करते हुए कहा था कि अगर भविष्य में दोबारा इस तरह के हालात पैदा होते हैं तो उनकी प्रतिक्रिया पहले जैसी ही होगी. नवीन ने कहा, ”मैच के बाद हाथ मिलाते समय, मैं विराट कोहली से हाथ मिलाने के बाद दूसरे खिलाड़ी की ओर जा रहा था, लेकिन उसी समय उन्होंने मेरा हाथ पकड़ लिया, इसलिए जब उन्होंने ऐसा किया तो मैं भी इंसान हूं और मैंने प्रतिक्रिया (हाथ झटका) दी.”

