ABC NEWS: कानपुर में ग्वालटोली थाना क्षेत्र के श्री आनंदेश्वर मंदिर (परमट) के सेवादार की हत्या कर दी गई है. सूचना पर ग्वालटोली एसओ, एडीसीपी सेंट्रल, एसीपी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मंगलवार सुबह परमट मंदिर के सेवादार का शव मिलने से हड़कंप मच गया. मृतक के बेटे ने जमीन के विवाद में दबंगों के द्वारा हत्या किए जाने का आरोप लगाया है.
जानकारी के अनुसार, श्री आनंदेश्वर मंदिर (परमट) परिसर में रहने कन्हैया लाल (59) मंदिर के सेवादार थे. मंगलवार सुबह घर के ही अगले हिस्से में कन्हैया लाल का रक्तरंजित शव पड़ा मिला. बेटे संदीप कश्यप के अनुसार, पिता रोज की तरह घर के अगले हिस्से में सोए हुए थे. सुबह पांच बजे बिस्तर पर उनका रक्तरंजित शव मिला। चीख-पुकार सुन मंदिर परिसर में रहने वाले अन्य लोग पहुंच गए और ग्वालटोली थाने पर सूचना दी. ग्वालटोली थाने का फोर्स, एडीसीपी सेंट्रल आरती सिंह मौके पर जांच करने पहुंची.
आरोप है कि मंदिर की जमीन को लेकर उनका श्याम नारायण बाजपेई नाम के व्यक्ति से विवाद चल रहा था. एक दिन पहले सोमवार को श्याम नारायण ने जगह खाली करने की धमकी भी दी थी. परिवार के लोगों ने श्याम नारायण और उनके साथियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए ग्वालटोली थाने में तहरीर दी है.
एडीसीपी सेंट्रल ने बताया कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई. मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही खुलासा कर आरोपियों को जेल भेजा जाएगा. बेटे संदीप ने बताया कि हत्यारोपी उनकी जमीन पर आलीशान मंदिर खड़ा करना चाहते थे। आए दिन मारपीट और धमकी देते थे.

