ABC NEWS: तमिलनाडु में इस समय राज्य क्रिकेट संघ द्वारा तमिलनाडु प्रीमियर लीग यानी टीएनपीएल का आयोजन किया जा रहा है. इसी टूर्नामेंट में ऐसा देखा गया जब क्रिकेट के इतिहास में आखिरी गेंद पर एक गेंदबाज ने सबसे ज्यादा रन लुटाने का काम किया है. गेंदबाज 4 या 6 नहीं, बल्कि आखिरी गेंद पर कुल 18 रन लुटाए और शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कराया.
दरअसल, चेपॉक सुपर गिलीज के खिलाफ सैलम स्पार्टन्स के गेंदबाज अभिषेक तनवर ने पहले तीन ओवरों में शानदार गेंदबाजी की. उन्होंने 3 ओवर में कुल 18 रन दिए थे और एक सफलता हासिल की थी. ऐसे में खुद कप्तान अभिषेक तनवर आखिरी ओवर करने आए और उन्होंने कुल 18 रन आखिरी गेंद पर ही दे दिए. क्रिकेट के इतिहास की ये सबसे महंगी आखिरी बॉल थी.
आपको बता दें, अभिषेक तनवर ने चेपॉक टीम के खिलाड़ी संजय यादव को पारी की आखिरी गेंद पर क्लीन बोल्ड कर दिया था, लेकिन ये गेंद नो बॉल थी. ऐसे में अगली गेंद फ्री हिट थी, जिस पर उन्होंने छक्का जड़ दिया. हालांकि, ये गेंद नो बॉल हो गई. इसके बाद अगली गेंद भी फ्री हिट थी, जिस पर दो रन आए, लेकिन कप्तान अभिषेक ने फिर से ओवरस्टेप कर दिया.
अब तक 11 रन आ चुके थे और गेंद अभी भी बाकी थी. ऐसे में अभिषेक तनवर ने अगली गेंद फेंकी तो वह वाइड हो गई. रन 12 बन चुके थे, लेकिन आखिरी गेंद अभी भी बाकी थी. कप्तान अभिषेक ने अगली गेंद फेंकी जो फ्री हिट थी. इस पर संजय यादव ने छक्का जड़ दिया. इस तरह कुल 18 रन आखिरी गेंद पर बने. इसे किसी टी20 लीग में तो नहीं गिना जाएगा, लेकिन निश्चित रूप से ये क्रिकेट में सबसे महंगी आखिरी गेंद थी.

