ABC News: कानपुर में इस बार जनवरी की सर्दी लोगों को जमकर परेशान कर रही है. आमतौर पर मकर संक्रांति के बाद कानपुर में सूर्यदेव की चमक तेज हो जाती थी लेकिन इस बार सर्दी के तेवर कुछ अलग दिख रहे हैं और तापमान रिकॉर्ड तोड़ने पर अमादा दिख रहा है. सर्दी का आलम ऐसा है कि बुधवार को भी न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस पर रिकॉर्ड किया गया.

सीएसए के मौसम विभाग की तरफ से बताया गया कि फिलहाल ठंड में किसी तरह की राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. शीतलहर और गलन का असर ऐसा ही बना रहेगा. सीएसए के कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि बर्फीली हवाओं का असर लगातार बना रहेगा. बुधवार को भी कानपुर में कोल्ड डे जैसे हालात नजर आए. दोपहर में एक बजे के बाद सूर्यदेव निकले तो लेकिन बर्फीली हवाओं के आगे सूर्यदेव की चमक भी फीकी पड़ी रही. इसका नतीजा यह रहा कि घरों और दफ्तरों में लोग अलाव, हीटर और ब्लोअर चलाकर अंदर ही दुबके रहे. बताया जा रहा है कि पछुआ हवाओं की वजह से ठंड का असर अभी जारी रहेगा. वहीं ठंड के तेवरों को देखते हुए स्कूलों की छुट्टी को और बढ़ा दिया गया है. ठंड की वजह से कक्षा आठ तक के सभी स्कूलों की छुट्टी 20 जनवरी तक घोषित कर दी गई है. डीएम कानपुर के निर्देश पर बीएसए ने सभी बोर्ड के स्कूलों को इसके आदेश दिए हैं.
………………….

