यूपी के भदोही में शनिवार की भोर में बड़ा ट्रेन हादसा टल गया. यहां एक ट्रैक्टर ड्राइवर रेलवे फाटक को तोड़ते हुए अचानक पटरियों पर आ गया. ट्रेन के धक्के से उसकी जान चली गई. दुर्घटना के बाद डाउन लिच्छवी एक्सप्रेस में ट्रैक्टर फंस गया और काफी दूर तक घसीटते हुए चला गया.
यह दुर्घटना ऊंज थाना क्षेत्र के राम किशनपुर बसहीं रेलवे फाटक पर हुआ है. भोर में सुबह सवा चार बजे के करीब यह हादसा हुआ. दुर्घटना में मारा गया ड्राइवर कोइरौना थाना क्षेत्र के बारीपुर गांव का रहने वाला था. उसका नाम रोहित और उम्र 20 साल थी.
दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर और ड्राइवर के शव को कब्जे में ले लिया. दुर्घटना के चलते प्रयागराज से वाराणसी जा री ट्रेन करीब आधा घंटे तक वहीं रुकी रही.

