ABC News: दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़े हादसे की खबर सामने आई है. दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब टैक्सीइंग के दौरान स्पाइसजेट का एक विमान अकासा एयर के विमान से टकरा गया. इस घटना में दोनों विमानों को नुकसान पहुंचा, हालांकि राहत की बात यह रही कि सभी यात्री और क्रू पूरी तरह सुरक्षित हैं.

रिपोर्ट्स के अनुसार, स्पाइसजेट का B737-700 विमान रनवे की ओर बढ़ रहा था, तभी उसका दाहिना विंगलेट दूसरे विमान से टकरा गया. इस टक्कर से दूसरे विमान के लेफ्ट हैंड हॉरिजॉन्टल स्टेबलाइजर को भी नुकसान हुआ. फिलहाल तकनीकी जांच जारी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है. वहीं, दोनों ही एयरलाइंस के अधिकारियों ने इस घटना को लेकर अपने-अपने बयान भी जारी कर दिए हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने दिल्ली एयरपोर्ट पर हुई विमान टक्कर की घटना पर आधिकारिक बयान जारी किया है. डीजीसीए के अनुसार, 16 अप्रैल को स्पाइसजेट का B-737-700 विमान (VT-SLB), जो लेह से दिल्ली की उड़ान SG-124 पूरी करने के बाद टर्मिनल-1 पर निर्धारित पार्किंग बे की ओर टैक्सी कर रहा था, उसी दौरान उसका विंगलेट दूसरे विमान से टकरा गया. यह टक्कर उस समय हुई जब अकासा एयर का B-737 विमान एप्रन पर खड़ा था और दिल्ली-हैदराबाद की उड़ान के लिए पुशबैक के बाद तैयार था. डीजीसीए ने बताया कि इस टक्कर में स्पाइसजेट विमान के दाहिने विंगलेट और अकासा एयर विमान के टेल हिस्से को नुकसान पहुंचा है. घटना के बाद विमानन सुरक्षा से जुड़े मानकों की समीक्षा की जा रही है. डीजीसीए ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि टक्कर कैसे हुई और क्या प्रक्रियागत चूक हुई.
अकासा एयर ने क्या बताया?
“दिल्ली से हैदराबाद जा रही अकासा एयर की फ्लाइट QP 1406 का विमान 16 अप्रैल, 2026 को वापस Bay में लौट आया. प्रारंभिक जानकारी से पता लगा है कि अकासा का विमान स्थिर खड़ा था जब किसी अन्य एयरलाइन के विमान ने उससे टक्कर मार दी. सभी यात्रियों और चालक दल को सुरक्षित उतार लिया गया और हमारी ग्राउंड टीमें यात्रियों को जल्द से जल्द हैदराबाद पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर रही हैं. निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार, संबंधित अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है और मामले की जांच चल रही है. अकासा एयर में, हमारे यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है.”
स्पाइसजेट ने क्या बताया?
वहीं, दूसरी ओर स्पाइसजेट के प्रवक्ता की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, “16 अप्रैल को दिल्ली एयरपोर्ट पर टैक्सी करते समय स्पाइसजेट का एक बी737-700 विमान दुर्घटना का शिकार हो गया. इसके परिणामस्वरूप विमान के दाहिने पंख और एक अन्य एयरलाइन के विमान के लेफ्ट हैंड हॉरिजोंटल स्टेबलाइजर को नुकसान पहुंचा है. स्पाइसजेट के विमान को दिल्ली में ही रोक दिया गया है.”

