ABC NEWS: कानपुर के जूही थाने की पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पेट्रोलपंप मालिक के घर हुई साढ़े पांच लाख की चोरी का खुलासा कर दिया. नौकरानी के घर से पूरी रकम भी बरामद कर ली है. रोज की तरह सफाई के दौरान बेडरूम में घुसी थी और नोटों भरा बैग पार कर दिया था. खुलासा करने के बाद जूही पुलिस ने नौकरानी को जेल भेज दिया.
नौकरानी की निकली चोर, उसके घर से बरामद हुआ पूरा कैश
एडीसीपी साउथ अंकिता शर्मा ने बताया कि जूही थाना क्षेत्र के आनंदपुरी में रहने वाले पवन कुमार सराबगी पेट्रोलपंप मालिक हैं. पवन ने बताया कि 11 सितंबर को पेट्रोलपंप का 5.50 लाख रुपए कैश बेडरूम में रखा था. बाबूपुरवा बगाही निवासी नौकरानी प्रियंका उर्फ रानी रोज की तरह घर की साफ-सफाई करने आई थी. इसके बाद बेडरूम में रखा रुपए भरा बैग गायब हो गया.
उन्होंने 12 सितंबर को जूही थाने में चोरी की एफआईआर दर्ज कराई थी. इसके साथ ही नौकरानी रानी पर चोरी का संदेह जताया था. जूही पुलिस ने नौकरानी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गई. उसके घर में तलाशी के दौरान बक्से से पूरी रकम बरामद हो गई. पुलिस ने मंगलवार को नौकरानी को गिरफ्तार करके चोरी का खुलासा कर दिया. इसके बाद उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया.
नौकरानी पर आंख बंद करके करते थे भरोसा
पुलिस की जांच में सामने आया कि पेट्राेलपंप संचालक पवन सराबगी अपनी नौकरानी पर आंख बंद करके भरोसा करते थे. इसी के चलते बेडरूम में बैग में कैश रख दिया था. कैश देखकर नौकरानी की नीयत खराब हो गई और बैग चोरी कर लिया. जांच के दौरान सख्ती करने पर वह टूट गई और चोरी का खुलासा हो गया.

