ABC NEWS: बांदा में प्यार परवान नहीं चढ़ा तो प्रेमी युगल ने ट्रेन के सामने लेटकर मौत को गले लगा लिया. दोनों के कटे शव ग्रामीणों को रेलवे ट्रैक पर पड़े मिले. पुलिस ने दोनों शवों की शिनाख्त कराई. जिसमें दोनों एक दूसरे के पड़ोसी होना बताए गए. पुलिस मामले की जांच कर रही है. घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लगी रही है.
अतर्रा थाना के ग्राम नगनेधी गांव के पास से गुजरी रेलवे लाइन मानिकपुर रेलखंड के पोल 1341 के पास शनिवार सुबह जबलपुर से लखनऊ जा रही चित्रकूट एक्सप्रेस के चालक को दोनों के शव कटे मिले. जिसमें चालक ने मामले की सूचना खुरहंड रेलवे स्टेशन में दी. इस बीच ग्रामीण भी घटनास्थल पर पहुंच चुके थे. ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने दोनों की पहचान गिरवां कस्बे के ग्राम रहूसत निवासी राममिलन यादव के 22 वर्षीय पुत्र अशोक उर्फ बउवा और पड़ोस के ही अवधेश रैकवार की 18 वर्षीय पुत्री सरिता के रूप में कराई.

घटना के बारे में प्रेमिका के चाचा ने बताया कि दोनों के बीच तीन वर्षों से प्रेमप्रसंग चल रहा था. कुछ समय बाद लड़की के घर के लोगों को मामले की जानकारी हुई तो दोनों पक्ष में मारपीट हुई थी. जिसमें मामला थाने तक पहुंचा था. विवाद बढ़ने की स्थिति होने पर प्रेमी दिल्ली कमाने चला गया था. सात माह पहले वह दिल्ली से कमाकर वापस गांव लौटा तो एक बार फिर दोनों के बीच चोरी-छिपे मिलना शुरू हो गया. इस बीच प्रेमिका की शादी उसके घर के लोगों ने छतरपुर मध्य प्रदेश के ग्राम कनभई चंदला में तय कर दी थी. आपस में बिछड़ने से परेशान होकर दोनों शुक्रवार रात चुपके से घर से निकले. इसके बाद दोनों ने एक साथ मौत को गले लगा लिया. थाना निरीक्षक अनूप कुमार दुबे ने बताया कि प्रेम-प्रसंग के चलते दोनों के आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मामले की जांच की जा रही है.

