ABC NEWS: बुधवार दोपहर को कानपुर कलेक्ट्रेट स्थित एसडीएम कोर्ट के अंदर ही अधिवक्ताओं ने नारेबाजी करना शुरू कर दिया. SDM के खिलाफ कोर्ट के अंदर ही मुदार्बाद के नारे लगाने लगे. करीब 1 घंटे तक हंगामा चला. मौके पर पुलिस को भी बुलाया गया। हंगामे की सूचना पर पहुंचे लायर्स महामंत्री ने बीच-बचाव किया.
अधिवक्ताओं ने लगाए आरोप
एसडीएम कोर्ट में एसडीएम सदर अभिनव गोपाल सुनवाई कर रहे थे. भीड़ ज्यादा होने के कारण उन्होंने कोर्ट के अंदर मौजूद अतिरिक्त लोगों को बाहर करने के निर्देश दिए. इस बीच एक अधिवक्ता से इस बात को लेकर एसडीएम से बहस हो गई. बात इतनी बढ़ी कि एसडीएम ने पुलिस बुलाने के लिए कहा. इस पर अधिवक्ता भड़क गए और कोर्ट के अंदर अधिकारी के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी.
कुर्सी से उठकर चले गए एसडीएम
हंगामा बढ़ता देख एसडीएम कुर्सी से उठकर कोर्ट ऑफिस में चले गए. इस बीच भी अधिवक्ता कोर्ट के अंदर ही नारेबाजी करते रहे. हंगामे की सूचना पर पुलिस के साथ ही लायर्स महामंत्री शरद शुक्ला भी पहुंचे और बीच-बचाव कराया. अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि एसडीएम कोर्ट में समय से नहीं बैठते हैं और अधिवक्ताओं से ठीक से बात तक नहीं करते हैं.
अधिवक्ताओं ने रखी अपनी मांगें
लायर्स महामंत्री ने अधिवक्ताओं का पक्ष रखते हुए अपनी मांग रखी कि कोर्ट में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए कोर्ट में कब सुनवाई होगी, अधिकारी किस समय बैठेंगे और कोर्ट में सुने जाने वाले केसेस की लिस्ट चस्पा की जाए. इसकी जानकारी अधिवक्ताओं को समय से दी जाए.
एसडीएम सदर ने रखा अपना पक्ष
मामले में एसडीएम सदर अभिनव गोपाल ने बताया कि कोर्ट के अंदर अत्यधिक भीड़ को देखते हुए कुछ लोगों को बाहर जाने के लिए कहा था. अत्यधिक भीड़ की वजह से केसेस को सुनने में कठिनाई होती है. व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए अब एक बार में 5 केस से जुड़े अधिवक्ताओं और वादियों को कोर्ट के अंदर आने की अनुमति दी जाएगी.

