ABC News: आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने अपने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है. रविवार को लालू ने एक्स पर पर पोस्ट कर लिखा कि निजी जीवन में नैतिक मूल्यों की अवहेलना करना हमारे सामाजिक न्याय के लिए सामूहिक संघर्ष को कमजोर करता है. ज्येष्ठ पुत्र की गतिविधि, लोक आचरण तथा गैर जिम्मेदाराना व्यवहार हमारे पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों के अनुरूप नहीं है. अतएव उपरोक्त परिस्थितियों के चलते उसे पार्टी और परिवार से दूर करता हूं.

आगे लिखते हैं, “अब से पार्टी और परिवार में उसकी किसी भी प्रकार की कोई भूमिका नहीं रहेगी. उसे पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया जाता है. अपने निजी जीवन का भला-बुरा और गुण-दोष देखने में वह स्वयं सक्षम है. उससे जो भी लोग संबंध रखेंगे वो स्वविवेक से निर्णय लें. लोकजीवन में लोकलाज का सदैव हिमायती रहा हूं. परिवार के आज्ञाकारी सदस्यों ने सावर्जनिक जीवन में इसी विचार को अंगीकार कर अनुसरण किया है. धन्यवाद.” आरजेडी सुप्रीमो के इस फैसले की अब लोग सराहना कर रहे हैं. दरअसल, शनिवार शाम तेज प्रताप यादव के सोशल मीडिया (फेसबुक) अकाउंट से एक पोस्ट वायरल हुआ था. इसमें तेज प्रताप एक लड़की के साथ दिख रहे थे. इसमें लिखा गया था कि “मैं तेज प्रताप यादव और मेरे साथ इस तस्वीर में जो दिख रही हैं उनका नाम * है. हम दोनों पिछले 12 सालों से एक दूसरे को जानते हैं और प्यार भी करते हैं. हमलोग पिछले 12 सालों से एक रिलेशनशिप में रह रहें हैं. मैं बहुत दिनों से आपलोगों से यह बात कहना चाहता था पर समझ नहीं आ रहा था कैसे कहूं….? इसलिए आज इस पोस्ट के माध्यम से अपने दिल का बात आप सब के बीच रख रहा हूं! आशा करता हू आपलोग मेरी बातों समझेंगे.” यह पोस्ट देखते ही देखते वायरल हो गई. सोशल मीडिया पर लोग इस पोस्ट को खूब शेयर करने लगे. हालांकि, यह पोस्ट तेज प्रताप यादव के अकाउंट से डिलीट कर दी गई. लेकिन, सियासी गलियारे से लेकर आम युवाओं के बीच यह चर्चा का विषय बन गया है.

