ABC NEWS: आज 06 जनवरी को पौष पूर्णिमा है. आज का दिन स्नान और दान के लिए महत्वपूर्ण है. आज से तीर्थराज प्रयाग में माघ स्नान प्रारंभ हो गया है. आज पौष पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने से पुण्य प्राप्त होता है. आज की पौष पूर्णिमा सर्वार्थ सिद्धि योग में है, जो आपके मनोकामनाओं को सिद्ध करने वाला योग है. पौष पूर्णिमा की रात आप माता लक्ष्मी और चंद्रमा की पूजा करें, इससे आपके सुख, समृद्धि, धन और संपत्ति में बढ़ोत्तरी होगी. पौष पूर्णिमा की रात आप एक आसान सा उपाय करके माता लक्ष्मी और चंद्रमा दोनों को ही प्रसन्न कर सकते हैं. इससे आपकी किस्मत में चमकेगी और दरिद्रता भी दूर होगी. धन आगमन के योग बनेंगे.
पौष पूर्णिमा का अचूक उपाय
तिरुपति के ज्योतिषाचार्य डॉ. कृष्ण कुमार भार्गव बताते हैं कि आज पौष पूर्णिमा की रात में 12:14 बजे से सर्वार्थ सिद्धि योग बन रहा है, जो कल सुबह 07:15 बजे तक है. लाभ-उन्नति का मुहूर्त रात 09:03 बजे से रात 10:45 बजे तक है. ये दोनों ही मुहूर्त आपके मनोकामनाओं की सिद्धि तथा उन्नति के लिए शुभ हैं.
आज की रात आप माता लक्ष्मी और चंद्रमा की विधिपूर्वक पूजा कर लें. सबसे पहले माता लक्ष्मी को खीर का भोग लगाएं. यह खीर आप मखाने की बना सकते हैं या फिर चावल की भी बना सकते हैं. खीर माता लक्ष्मी को बहुत प्रिय है. इससे वह बहुत प्रसन्न होती हैं. माता लक्ष्मी के बाद आप चंद्रमा को चावल और दूध से बनी खीर का भोग लगाएं. खीर में चावल, दूध और चीनी ये तीनों ही चंद्रमा से जुड़ी हुई वस्तुएं हैं. इससे आपकी कुंडली में चंद्रमा मजबूत होगा, जिससे सुख, समृद्धि और शांति में वृद्धि होगी. आपकी माता जी भी प्रसन्न रहेंगी और उनका आशीर्वाद भी अपको मिलेगा.
अगले दिन सुबह आप उस खीर का दान किसी गरीब ब्राह्मण को कर दें. इससे चंद्र दोष दूर हो जाएगा. चंद्रमा आपके लिए तरक्की का मार्ग खोलेगा.
पौष पूर्णिमा पर माता लक्ष्मी को प्रसन्न करने के उपाय
पौष पूर्णिमा को पूजा के समय माता लक्ष्मी के प्रभावशाली मंत्र ऊँ श्रींह्रीं श्रीं कमले कमलालये प्रसीद प्रसीद श्रीं ह्रीं श्रीं ऊँ महालक्ष्मी नम: मंत्र का जाप करें. इस मंत्र का जाप कमलगट्टे की माला से करें तो जल्द ही इसके लाभ दिखने लगेंगे.
पौष पूर्णिमा 2023 तिथि
पौष पूर्णिमा तिथि का प्रारंभ: आज, शुक्रवार, 02:14 am से
पौष पूर्णिमा तिथि का समापन: कल, शनिवार, प्रात: 04:37 am पर

