ABC News: ग्रीनपार्क में चल रही कानपुर प्रीमियर लीग के दसवें मुकाबले में टूर्नामेंट का पहला शतक आया. इस मुकाबले में प्रियांशु पांडेय के शानदार शतक की बदौलत मयूर मिरेकल्स ने एकतरफा मुकाबले में टीएसएच ब्लास्टर्स को नौ विकेट से करारी शिकस्त दी. इस हार के साथ ही टीएसएच ब्लास्टर्स पहली ऐसी टीम बन गई है, जो टूर्नामेंट से लगभग बाहर हो गई है.

ग्रीनपार्क में केपीएल का दसवां मुकाबला शुक्रवार को मयूर मिरेकल्स कल्याणपुर और टीएसएच ब्लास्टर्स के बीच खेला गया. यहां पर टॉस जीतकर टीएसएच ब्लास्टर्स ने पहले बैटिंग का निर्णय लिया. टीएसएच ब्लास्टर्स को उसके ओपनर बल्लेबाज शाश्वत बंदोह और हर्षित सिंह ने ठोस शुरूआत दिलाई. दोनों ओपनर्स ने यहां पर मयूर मिरेकल्स के गेंदबाजों को विकेट के लिए छकाते हुए शानदार फिफ्टी जड़ी. शाश्वत और हर्षित दोनो ने ही 58-58 रनों का योगदान दिया. इसके बाद उतरे कप्तान सतनाम सिंह कुछ खास नहीं कर सके और दो रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद अभिषेक यादव ने ताबड़तोड़ 38 रन बनाकर अपनी टीम का स्कोर पांच विकेट के नुकसान पर 166 रन तक पहुंचाया. जवाब में खेलने उतरी मयूर मिरेकल्स की शुरूआत भी खास नहीं रही और उसके ओपनर बल्लेबाज सुमित सिंह राठौर चार रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद मयूर मिरेकल्स कल्याणपुर के बल्लेबाज प्रियांशु पांडेय और आदेश कुमार ने टीएसएच ब्लास्टर्स को विकेट के लिए तरसा दिया. नौ विकेट से हासिल हुई इस जीत में प्रियांश पांडेय ने 64 गेंदों में ताबड़तोड़ 128 रन बनाए वहीं, आदेश कुमार भी 35 रन बनाकर नाबाद लौटे.

प्रियांशु पांडेय को ऑरेंज कैप, सौरभ यादव को पर्पल कैप मिली
केपीएल के दस मुकाबलों के बाद जब ऑरेंज और पर्पल कैप का वितरण किया गया तो इसमें भी मयूर मिरेकल्स कल्याणपुर ही छाया रहा. टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाले प्रियांशु पांडेय को जहां ऑरेंज कैप मिली, वहीं अब तक 10 विकेट लेने वाले मयूर मिरेकल्स कल्याणपुर के सौरभ यादव को पर्पल कैप मिली. इस मैच में अन्य कई रिकॉर्ड बने, जिसमें प्रियांशु और आदेश कुमार ने करीब 150 रनों की साझेदारी की, जो टूर्नामेंट में अब तक की सबसे बड़ी साझेदारी है. इस जीत के साथ मयूर मिरेकल्स कल्याणपुर अंक तालिका में सबसे ऊपर पहुंच गया है, जबकि टीएसएच ब्लास्टर्स प्रतियोगिता से करीब करीब बाहर हो चुका है. अंकतालिका में दूसरे नंबर पर आरएलएल गंगा बिठूर की टीम काबिज है. गौरतलब हो कि मयूर मिरेकल्स कल्याणपुर की टीम जहां टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही है, वहीं टीएसएच ब्लास्टर्स अब तक जीत का स्वाद तक नहीं चख पायी है.

