ABC NEWS: ग्रीनपार्क में चल रही कानपुर प्रीमियर लीग में पहली बार गेंदबाजों का जलवा देखने को मिला. यहां पर सीसामऊ सुपर किंग्स के गेंदबाजों ने ऐसा कहर बरपाया कि ग्रीनपार्क के पाटा विकेट पर कानपुर प्राइम इंडियंस गोविंदनगर की बल्लेबाजी ताश के पत्तोें के मानिंद बिखर गई. लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर प्राइम इंडियंस गोविंदनगर का कोई भी बल्लेबाज टिक कर नहीं खेल पाया और ‘तू चल मैं आता हूं’ की कहावत को चरितार्थ करता हुआ पवेलियन लौटता हुआ नजर आया.

ग्रीनपार्क में कानपुर प्रीमियर लीग के 12वें मुकाबले में टॉस जीतकर कानपुर प्राइम इंडियंस गोविंदनगर ने पहले फील्डिंग का फैसला लिया. पहले खेलने उतरी सीसामऊ सुपर किंग्स की टीम के बल्लेबाज आदर्श सिंह 71 एक तरफ टिक कर खेलते रहे, जबकि दूसरी तरफ विकेटों का पतन जारी रहा. हालत यह रही कि आदर्श के अलावा मैच में एसएसके के दूसरे टॉप स्कोर करने वाले बल्लेबाज अभिषेक पांडेय 22 रहे. इसके अलावा अन्य कोई बल्लेबाज प्रभावित करते हुए नजर नहीं आया. एसएसके की टीम भी पूरे 20 ओवर नहीं खेल पायी और 19.1 ओवर में 152 रनों पर सिमट कर पवेलियन लौट गई. वहीं, कानपुर प्राइम इंडियंस गोविंदनगर की तरफ से अर्पित शुक्ला, यश यादव और साहुल वर्मा ने दो-दो विकेट झटके. जवाब में खेलने उतरी कानपुर प्राइम इंडियंस गोविंदनगर की शुरूआत खराब रही. केपीएल के उद्घाटन मामले में अपनी गेंदबाजी का कहर बरपाने बाएं हाथ के तेज गेंदबाज किशन कुमार ने अपनी घूमती गेंदों से बल्लेबाजों को छकाया. किशन ने अपने पहले ही ओवर में केपीआई गोविंदनगर को डबल झटका दिया और कप्तान फैज अहमद और नीलेश कुमार को पवेलियन वापस भेजा. इसके बाद केपीआई गोविंदनगर का कोई बल्लेबाज स्कोरर को परेशान करता नजर नहीं आया और पिच पर आते ही पवेलियन लौटता गया. एसएसके की गेंदबाजी के कहर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि केपीआई गोविंदनगर की टीम 9.4 ओवर में महज 30 रनों पर आल आउट हो गयी. केपीआई गोविंदनगर में सत्यम दीक्षित ऐसे बल्लेबाज रहे, जिन्होंने डबल डिजिट में गेंदों का सामना किया.

शून्य पर आउट हुए चार बल्लेबाज
अपने सशक्त बल्लेबाजी क्रम की वजह से पहचान बनाने वाली केपीआई गोविंदनगर यहां पर पूरी तरह धराशाई दिखी. उसके चार प्रमुख बल्लेबाज शून्य पर आउट हो गए, जिसमें टॉस के समय बल्लेबाजी को अपनी ताकत बताने वाले कप्तान फैज अहमद भी शामिल रहे. केपीएल की नीलामी में सबसे महंगे बिके कृतज्ञ कुमार सिंह महज नौ रन बनाकर आउट हो गए. पूरी टीम में कोई भी बल्लेबाज दहाई की संख्या तक नहीं पहुंच पाया. वहीं, इस बड़ी जीत के साथ सीसामऊ सुपर किंग्स अंक तालिका में तीसरे नंबर पर पहुंच गई है.

एबीसी न्यूज डायरेक्टर ने बेल बजाकर की शुरूआत
इससे पहले ग्रीनपार्क में महिला दिवस को भी मनाया गया. यहां पर एबीसी न्यूज डायरेक्टर आंचल दुबे ने बेल बजाकर मैच की शुरूआत की. यही नहीं, टॉस के समय भी वह दोनों कप्तानों, मैच रेफरी के साथ मौजूद रहीं और कॉमेंट्री में भी उन्होंने अपने अनुभवों को साझा किया

