ABC News: ग्रीनपार्क में चल रही कानपुर प्रीमियर लीग का आठवां मुकाबला आरएलएल गंगा बिठूर और जेके कैंट स्पार्टंस के बीच खेला गया. रोमांचक मैच में गंगा बिठूर की टीम ने जेके कैंट स्पार्ट्ंस को छह रनों से हरा दिया. गंगा बिठूर की तरफ से अनमोल पांडेय ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया और अंतिम ओवरों में जेके कैंट स्पार्ट्ंस के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया.टूर्नामेंट में गंगा बिठूर की यह तीसरी जीत है.

इससे पहले टॉस जीतकर पहले खेलने उतरी आरएलएल गंगा बिठूर की टीम ने प्रशांत अवस्थी की कप्तानी पारी के दम पर निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट खोकर 153 रन बनाए. गंगा बिठूर की तरफ से कप्तान प्रशांत अवस्थी ने टूर्नामेंट में अपना दूसरी फिफ्टी जड़ी. उन्होंने 26 गेंदों में पांच छक्कों और एक चौके की मदद से शानदार 50 रन बनाए. इससे पहले टीम के ओपनर विराट जायसवाल और शुभम चौधरी ने टीम को सधी शुरूआत दी. विराट ने 24 और शुभम ने 10 रन बनाए. बाद में अमन भदौरिया ने ताबड़तोड़ 31 रनों की पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. जेके कैंट स्पार्टंस की तरफ से रिषभ राजपूत, यशोवर्धन सिंह ने दो—दो विकेट हासिल किए. इसके अलावा निशांत गौड़ और अभिषेक तोमर ने एक-एक विकेट लिया. जबाव में खेलने उतरी जेके कैंट स्पार्ट्ंस की टीम की शुरूआत बेहतर नहीं रही और चार रनों के व्यक्तिगत स्कोर पर ब्रजेंद्र आउट हो गए.

ब्रजेंद्र को प्रशांत चौधरी ने पवेलियन का रास्ता दिखाया. इसके बाद मानिक और भव्य तिवारी ने टीम की रन गति को तेज किया लेकिन 38 रनों के स्कोर पर पहले मानिक बेरी और फिर 44 के स्कोर पर भव्य तिवारी आउट हो गए. इन दोनों ही खिलाड़ियों ने 18-18 रनों का योगदान दिया. इसके बाद आए अलमास शौकत (35), अमन (26) और यशोवर्धन (22) ने टीम को स्कोर रनगति के अनुरूप चलाने की कोशिश की लेकिन अनमोल पांडेय ने पारी के 19वें ओवर में केवल तीन रन देकर मैच का पासा पलटने में अहम भूमिका अदा की. ऐसे में जेके कैंट स्पार्टस की टीम निर्धारित 20 ओवरेां में आठ विकेट खोकर 147 रन ही बना पायी. आरएलएल गंगा बिठूर की तरफ से अनमोल पांडेय ने सर्वाधिक तीन, दीपांशु सिंह ने दो, प्रशांत विराट और सौरभ ने एक एक विकेट लिया.

