ABC NEWS: सनातन धर्म में माता तुलसी की उपासना का विशेष महत्व है. बता दें कि भगवान विष्णु उपासना में तुलसी को होना अनिवार्य होता है. ऐसा करने से सभी दुख दूर हो जाते हैं और जीवन में सुख-समृद्धि आती है. वैदिक पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि के दिन तुलसी विवाह पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है. इस विशेष दिन पर भगवान शालिग्राम के साथ माता तुलसी का विवाह आयोजन होता है. आइए जानते हैं, इस वर्ष किस दिन मनाया जाएगा तुलसी विवाह पर्व, शुभ मुहूर्त और महत्व.
तुलसी विवाह 2023 तिथि
वैदिक पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि 23 नवंबर रात्रि 09:01 पर शुरू हो रही है और 24 नवंबर शाम 07:06 पर समाप्त हो जाएगी. ऐसे में तुलसी विवाह पर्व 24 नवंबर 2023, शुक्रवार के दिन हर्षोल्लाह के साथ मनाया जाएगा.
तुलसी विवाह 2023 शुभ योग
तुलसी विवाह के दिन सिद्धि योग, सर्वार्थ सिद्धि योग और अमृत सिद्धि योग का निर्माण हो रहा है. बता दें की सिद्धि योग सुबह 09:05 तक रहेगा, वहीं सर्वार्थ सिद्धि योग पूरे दिन रहेगा. इस विशेष दिन पर अमृत सिद्धि योग सुबह 06:51 से शाम 04:01 तक रहेगा.
तुलसी विवाह का क्या है महत्व?
पौराणिक कथा के अनुसार, भगवान विष्णु ने दैत्यराज जलंधर का वध किया था. इसके लिए श्री हरि ने जलंधर की पत्नी वृंदा के पतिव्रत धर्म को भंग किया था, जिसके परिणाम में वृंदा ने अपना जीवन त्याग दिया. लेकिन जहां पर वृंदा ने अपना शरीर त्यागा, वहां पर तुलसी का पौधा उत्पन्न हो गया. वृंदा की भक्ति को देखकर भगवान विष्णु प्रसन्न हुए और उनके शालिग्राम अवतार से तुलसी माता का विवाह हुआ. मां तुलसी को यह आशीर्वाद दिया कि तुलसी के बिना उनकी उपासना अधूरी रहेगी. इसलिए भगवान विष्णु की उपासना में तुलसी का रहना अनिवार्य होता है. इस दिन भगवान विष्णु और माता तुलसी की उपासना करने से सुख, समृद्धि और ऐश्वर्य की प्राप्ति होती है.

