ABC NEWS: बिहार के सारण जिले (छपरा) में मांझी प्रखंड के मुबारकपुर गांव में उपद्रव के बाद धारा 144 लगाई गई है. पिछले दिनों एक युवक की भीड़ हिंसा में हुई मौत के बाद रविवार को करणी सेना ने गांव में बवाल कर दिया. तोड़फोड़, आगजनी और पथराव के बाद पुलिस ने इलाके में धारा 144 लागू कर दी. सोमवार को इलाके में हालात काबू में है. बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। पुलिस लाइन के अलावा एकमा, मांझी, दाउदपुर कोपा और आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर कैंप कर रही है. आईटीबीपी और बीएसएपी की टुकड़ियां भी तैनात की गई हैं. मांझी थाने के एसएचओ को सस्पेंड कर दिया गया है. मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है.
जानकारी के मुताबिक 2 फरवरी को मुबारकपुर गांव के सिधरिया टोला में तीन लोगों की भीड़ ने बुरी तरह पिटाई कर दी थी. इसमें अमितेश कुमार की मौत हो गई, जबकि राहुल और आलोक कुमार सिंह नाम के दो युवक घायल हुए. इसके बाद मुखिया आरती देवी के पति विजय यादव के फार्म हाउस पर तीन लोगों की बेरहमी से पिटाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। फिर करणी सेना के एक गुट ने आंदोलन शुरू कर दिया.
पुलिस ने बताया कि मोटरसाइकिल पर सवार 500 से ज्यादा लोग रविवार शाम सिधारिया टोला पहुंचे और उन्होंने उपद्रव शुरू कर दिया. उन्होंने जाति विशेष के लोगों की करीब 30 झोपड़ियों में आग लगा दी. साथ ही उनके ट्रक, ट्रैक्टर सहित तीन गाड़ियों को भी फूंक दिया. जब करणी सेना के सदस्य गांव में पहुंचे तो पुरुष अपने घरों से भाग गए.
नाम न छापने की शर्त पर एक अधिकारी ने कहा कि “अज्ञात बदमाशों ने कम से कम चार घरों में आग लगाई, जहां 20 महिलाएं अपने बच्चों के साथ फंस गईं, पुलिस ने तुरंत उन्हें मुक्त कराया.”
सदर एसडीओ ने बताया कि इस घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई. सूचना मिलने पर सारण एसपी डॉ गौरव मंगला आग पर काबू पाने के लिए कई दमकल गाड़ियों के अलावा मौके पर पहुंचे.

