ABC NEWS: ( भूपेंद्र तिवारी ) समाजवादी पार्टी की प्रदेश की राजनीति में शहर का दबदबा बढ़ा है। पहली बार तीन नेताओं को प्रदेश सचिव बनाया गया है. दो सदस्य और एक विशेष आमंत्रित सदस्य के साथ ही अब प्रदेश टीम में शहर से छह लोग शामिल हो गए हैं. दूसरी ओर सपा की लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे प्रदीप तिवारी को पार्टी ने बाहर का रास्ता दिखा दिया है.
शहर से ही प्रदेश अध्यक्ष भी
समाजवादी पार्टी ने तीन प्रदेश सचिवों के नाम का एलान कर राजनीतिक समीकरण साधने की कोशिश भी की है. सपा प्रदेश अध्यक्ष व कानपुर निवासी नरेश उत्तम पटेल की टीम में लगातार तीसरी बार प्रदेश सचिव बनने का मौका पार्टी की महिला नेत्री नीलम रोमिला सिंह को मिला है.
संतुलन बनाने में कामयाब रहे
शिवपाल सिंह यादव के करीबी आशीष चौबे भी पहली बार प्रदेश सचिव बनने में कामयाब रहे हैं. उन्हें पार्टी में जिला व महानगर अध्यक्ष बनाने का भी दबाव रहा है अब पार्टी ने प्रदेश सचिव बनाकर संतुलन स्थापित किया है. एसपी सिंह कुशवाहा को भी प्रदेश सचिव बनाया गया है। इसके अलावा राजीव शर्मा और कमलेश वर्मा को सदस्य और अल्पसंख्यक वर्ग से इंजीनियर जावेद इकबाल खान को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है.
प्रदीप तिवारी को किया गया निष्कासित
दूसरी ओर पार्टी की लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके प्रदीप तिवारी को सपा से निष्कासित किया गया है. वह लंबे समय से सपा में थे और आंदोलनों की वजह से विशेष तौर पर पहचाने गए. उन्हें सपा की नई राष्ट्रीय टीम में जगह नहीं मिली. इसके बाद वह पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व पर हमलावर दिखे. इसी आधार बनाकर उन्हें पार्टी ने बाहर का रास्ता दिखाया है.

