ABC NEWS: माघ मेले के दूसरे स्नान मकरसंक्रांति को लेकर पांच दिन तक टेनरी व उद्योग बंद रहेंगे. 213 टेनरी व 600 उद्योग को बंद करने का आदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने जारी कर दिया है. अब 15 जनवरी तक टेनरी व उद्योग बंद रहेंगे. अगर किसी की टेनरी खुली पाई गई तो उसे सील किया जाएगा.
15 जनवरी तक रहेगी बंदी
पौष पूर्णिमा के बाद अब मकर संक्रांति का स्नान है। 14 व 15 जनवरी के स्नान को देखते हुए 11 से लेकर 15 जनवरी तक टेनरी व उद्योग बंद रहेंगे. क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी अमित मिश्रा ने बताया कि रोस्टर पहले से ही जारी है. आठ टीमें बनी हुई हैं.
टीमें करेंगी जांच
बंदी को प्रभावी बनाने के लिए आठ टीमें काम्बिंग करेंगी. एसीएम, नगर निगम व प्रदूषण बोर्ड की टीमें सभी उद्योग व टेनरियों की जांच करेंगी. अगर कोई चलती मिली तो उसकी बिजली को काटकर सील किया जाएगा. फिर मुख्यालय से अनुमति लेकर सीबीआई कोर्ट में मामला दर्ज किया जाएगा.
900 करोड़ रुपए के फंसे ऑर्डर
900 करोड़ के ऑर्डर फंसे लगातार बंदी लेदर निर्यातकों के लिए आफत बन गई है. बढ़ी सर्दी के चलते यूरोप से 20 फीसदी तक लेदर की डिमांड बढ़ गई है. ऐसे में बंदी की वजह से निर्यातकों ने हाथ खड़े कर दिए गए हैं. निर्यातकों के करीब 900 करोड़ के आर्डर फंस गए हैं.

