ABC News: चौबेपुर थानाक्षेत्र मेें मेघनीपुरवा गांव के पास बगीचे में बाराबंकी के युवक का रक्तरंजित शव मिलने से हड़कंप मच गया. आशंका जताई जा रही है कि युवक की धारदार हथियार से हत्या की गई है. मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त हुई है. पुलिस ने युवक के परिजनों को सूचना देने के साथ शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है.
बताया जा रहा है कि चौबेपुर के मेघनीपुरवा गांव के पास स्थित बगीेचे के पास सुबह जब ग्रामीण निकल रहे थे, तो उन्होंने यहां पर युवक का रक्तरंजित शव पड़ा देखा. इसकी सूचना मिलने पर थोड़ी ही देर में यहां पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई. सूचना मिलने पर एडीसीपी वेस्ट विजयेंद्र द्विवेदी, एसीपी और चौबेपुर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस की जाचं में पता चला कि युवक के सिर पर भारी नुकीली वस्तु मारकर उसकी हत्या की गई है. पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो जेब से आधार कार्ड मिला, जिस पर युवक का नाम बाराबंकी के फतेहपुरवा मलोनी निवासी आलोक कुमार के रूप में दर्ज मिला.
पुलिस ने जब मृतक के परिजनों से संपर्क किया तो पता चला कि युवक एक दिन पहले बाराबंकी से निकला था. रात नौ बजे उसकी परिजनों से बात हुई थी और फिर इसके बाद उसका मोबाइल स्विच आफ हो गया. एडीसीपी वेस्ट विजयेंद्र द्विवेदी का कहना है कि घटना के सारे पहलुओं की जांच की जा रही है, परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है

