ABC News: गोविंदनगर के नौरैयाखेड़ा में पूनम (22) का शव संदिग्ध हालात में किराए के कमरे में फंदे से लटकता मिला. इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया. घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई. पूनम के पिता गयाप्रसाद ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने पति श्यामसुंदर को हिरासत में ले लिया है. पति बोरा फैक्टरी में काम करता है.

बताया जा रहा है कि नौरेयाखेड़ा में श्याम सुंदर अपने परिवार के साथ करीब आठ माह पहले रहने आया था. सुबह पत्नी पूनम और बच्चों को छोड़कर वह फैक्ट्री चला गया. इसके बाद पूनम का शव फंदे से लटकता मिला. आसपास के लोगों के फोन आने पर श्याम सुंदर घर पहुंचा. इस बीच सूचना पाकर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी थी. पुलिस की पड़ताल में अंदर का नजारा संदिग्ध प्रतीत हुआ.पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी बुला कर जांच पड़ताल कराई. फांसी पर महिला का नग्न अवस्था में शव लटका होने पर पुलिस को मामला संदिग्ध लगा. इस बीच पूनम के पिता ने श्याम सुंदर पर हत्या का आरोप लगाया. पुलिस श्याम सुंदर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. वहीं, पूनम के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से काफी कुछ मदद मिलने की उम्मीद है.

