ABC News: चकेरी के कांशीराम अस्पताल के कैंपस में पिछले दिनों मिले महिला के शव के मामले का खुलासा हो गया है. करीब 14 दिन की जांच पड़ताल के बाद पुलिस की जांच मेें जो तथ्य और कहानी सामने आयी, वह मानवीय संवेदनाओं को पूरी तरह से झकझोरने वाली निकली है. पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए जो कहानी बताई है, वह यह बताने के लिए काफी है कि इंसान के लिए मानवीय संवेदनाओं का अब कोई मोल नहीं रह गया है.

घटना का खुलासा करते हुए डीसीपी पूर्वी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि जिस दिन से महिला का शव कांशीराम अस्पताल के कैंपस में मिला, पुलिस उसी दिन से लगातार जांच कर रही है. जांच के दौरान 200 से ज्यादा कैमरों की फुटेज देखी गई और लगभग इतने ही फोन नंबरों की कॉल डिटेल निकलवाई गई.जांच के दौरान पता चला कि यहीं पर रहने वाली एक महिला लापता चल रही है. महिला यहीं पर रहकर प्रेस करने का काम करती थी. इसके बाद फिर से सीसीटीवी फुटेज देखे गए. जांच के दौरान कुछ चश्मदीद भी मिले, जिन्होंने पुलिस पूछताछ में बताया कि बीती 11 जून को महिला ने यहां पर शराब पी थी. शराब पीने के बाद उसे गर्मी लगी तो जाने से पहले फिर एक पाउच शराब उसने पी ली. इसके बाद जिस जगह उसका शव मिला था, वहीं पर वह गिर गई. डीसीपी पूर्वी ने बताया कि अभी तक की जांच में सामने आ रहा है कि महिला की मौत गर्मी की वजह से हुई है, जिसमें उसे डिहाइड्रेशन हो गया था. हालांकि, मौत की विस्तृत बात पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से सामने आएगी.

महिला की मौत के बाद से तीन चार दिन शव वहीं पर पड़ा रहा, इस दौरान लोग यहां से आते जाते रहे, जिसमें अस्पताल के कर्मचारी भी शामिल थे. लेकिन किसी ने कहीं कोई सूचना नहीं दी. चश्मदीदों का कहना है कि उसने महिला के परिवार में भी बताया लेकिन किसी ने ध्यान तक नहीं दिया और महिला का शव वहां पर पड़ा रहा. जब गर्मी की वजह से शव से दुर्गंध आने लगी, तब जाकर लोगों ने पुलिस को बताया. डीसीपी पूर्वी ने महिला की मौत में किसी तरह का अपराध न होने के साथ केमिकल डालकर चेहरा जलाने की पुष्टि नहीं की है. महिला का पति उसकी मौत के बाद भी शराब के नशे में रहा. सोमवार को भी पुलिस की पूछताछ के दौरान महिला का पति नशे में धुत था. यहां तक कि उसने अपनी पत्नी का अंतिम संस्कार तक नहीं किया. डीसीपी पूर्वी ने भी इस बात पर आश्चर्य जताया कि इतने दिनों तक शव पड़ा होने के बावजूद किसी की मानवीय संवेदनाएं आखिरकार क्यों नहीं जागी.

