ABC News: कानपुर में श्यामनगर में एफसीआई गोदाम से अनाज लादकर जा रहे एक ट्रक ने महिला को रौंद दिया. जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. महिला की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने मोहल्लेवालों के साथ जमकर हंगामा किया. इस दौरान ट्रक में भी तोड़फोड़ का प्रयास किया गया.
हादसे में महिला की मौत से आक्रोशित सैकड़ों लोग लाठी-डंडा लेकर सड़क पर उतर आए. बवाल बढ़ता देख चकेरी थाने के साथ ही जाजमऊ, कैंट और रेलबाजार थाने की पुलिस फोर्स भी मौके पर पहुंची. कड़ी मशक्कत से गुस्साई भीड़ को काबू किया. इस दौरान कैंट विधानसभा से विधायक हसन रूमी भी मौके पर पहुंचे.
पीड़ित परिवार को मुआवजा देने के साथ ही आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की. बताया जा रहा है कि सुजातगंज में रहने वाली महिला दरख्शा खातून मॉर्निंग वॉक के लिए जा रही थी.श्यामनगर में एफसीआई गोदाम से कुछ दूरी पर ही एक ट्रक अनाज लादकर निकला था. इस दौरान, आगे से जा रहे ट्रक को ओवरटेक करने के चक्कर में अनाज लदे ट्रक ने सड़क किनारे जा रहीं दरख्शा खातून को रौंद दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.
हादसे के बाद इलाकाई लोगों ने वहीं पर शव रखकर जाम लगा दिया. मौके पर सपा विधायक मो. हसन रूमी, एडीसीपी पूर्वी अंजली विश्वकर्मा पहुंचे और सभी को शांत कराया.
मामले में आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है.

