ABC News: कानपुर में एक ऐसा चोर पकड़ा गया है, जिसकी पत्नी जौनपुर में ग्राम प्रधान है. चोर भी इतना हाईफाई निकला कि वह अपने दो साथियों के साथ मुंबई से फ्लाइट के जरिए कानपुर पहुंचा. यहां पर लग्जरी होटल में रुका और कारोबारी बनकर रेकी की. बताया जा रहा है कि मंगलवार रात तीनों कलक्टरगंज इलाके में ज्वैलरी की दुकान पर चोरी करने पहुंचे.

दुकान का शटर काट रहे थे, तभी आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए. इस पर वह मौके से भागने लगे, इस दौरान भीड़ ने एक चोर चंद्रभान पटेल को दौड़ाकर पकड़ लिया. जबकि उसके दो साथी मुरलीधर शर्मा और उदयराज सिंह मौके से भाग गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब घेराबंदी की तो एक जगह पर दोनों चोरों का पता चला. जब पुलिस ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो आरोपियों ने फायरिंग कर दी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक गोली चोर मुरलीधर शर्मा के पैर में लगी. डीसीपी पूर्वी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि मुरलीधर शर्मा राजस्थान के बीकानेर का रहने वाला है. जबकि उदयराज सिंह और चंद्रभान जौनपुर के रहने वाले हैं. चंद्रभान की पत्नी प्रधान है. चंद्रभान के पास से बरामद झोले में ताला तोड़ने के औजार और चाबियां मिली हैं.
पुलिस पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि वह एक मार्च को मुंबई से फ्लाइट से कानपुर आए थे. एयरपोर्ट से ऑटो लेकर माल रोड पहुंचे. यहां लग्जरी होटल में कमरा लेकर ठहरे थे. तीन दिनों से नयागंज में व्यापारी बनकर सर्राफा कारोबारियों के रेकी कर रहे थे. उन्होंने बालकृष्ण बिल्डिंग के पास ज्वेलरी की एक दुकान को चिह्नित किया. इस दुकान में चोरी करने की उनकी योजना थी. डीसीपी ने बताया कि तीनों आरोपी अंतरराज्यीय गैंग के हैं. आरोपी महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में चोरी की वारदात कर चुके हैं. हैदराबाद में 40 लाख की चोरी, दो साल पहले मुंबई में दो किलो सोने की चोरी समेत कई वारदात आरोपी कर चुके हैं.

