ABC News: बारिश के मौसम में मकड़ीखेड़ा में होने वाला जलभराव अब जल्द दूर किया जाएगा. इसको लेकर नगर निगम में 15वें वित्त आयोग के तहत हुई बैठक में प्रस्ताव का अनुमोदन कर दिया गया. नगर निगम में महापौर प्रमिला पांडेय की अध्यक्षता में हुई बैठक में डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह, केडीए उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल, नगर आयुक्त सुधीर कुमार समेत अन्य अधिकारी शामिल हुए.

इस बैठक में हर साल मकड़ीखेड़ा में होने वाले जलभराव को काफी गंभीर समस्या बताया गया. प्रस्ताव का अनुमोदन होने के बाद अब यहां पर नाले का निर्माण किया जाएगा. इसके अलावा बैठक में जिन प्रस्तावों का अनुमोदन हुआ, उसमें 30 करोड़ की लागत से कानपुर में पार्कों का रखरखाव और वृक्षारोपण किया जाएगा. 40 करोड़ रूपए इसमें जलनिगम को दिए जाएंगे, जिससे कि जेएनएनयूआरएम योजना में बिछाई गई पाइप लाइनों में जो गैप हैं, उसे भरा जा सके. 30 करोड़ रूपए जलकल विभाग को देने पर सहमति बनी. साउथ सिटी में बहने वाली सीटीआई नहर को सात करोड़ की लागत से पक्का किया जाएगा. जो नाले टैप नहीं किए जा सके है, उसमें पांच करोड़ की लागत से बायोरेमेडिएशन तकनीक का उपयोग किया जाएगा. इसके अलावा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के लिए 10 करोड़ की धनराशि रखी गई है. साथ ही सड़क निर्माण आदि के भी कार्य होंगे.

