ABC News: पहाड़ों पर हो रही भारी बारिश की वजह से गंगा के वॉटर लेवल में तेजी से बढ़त दर्ज की जा रही है. गंगा के जलस्तर में बढ़त का अंदाजा इसी बात से लगता है कि जो गंगा घाटों से काफी दूर हो गई थीं, वह अब घाटों की सीढ़ियों तक पहुंच गई हैं. अटल घाट से लेकर परमट, गुप्तार घाट तक गंगा का पानी घाट में बनी सीढ़ियों तक पहुंच गया है.

सरसैयाघाट में घाट किनारे तक गंगा पहुंच गई हैं. घाटों पर गंगा के वापस लौटने से नाव चलाने से लेकर पुरोहित तक काफी प्रसन्न नजर आए. इस बीच, बताया जा रहा है कि पिछले 24 घंटे के अंदर गंगा के जलस्तर में 20 फीट की बढ़त दर्ज की गई है. सिंचाई विभाग के आंकड़ों में ऐसा कई वर्षो बाद हो रहा हे, जब जुलाई माह के दूसरे सप्ताह में गंगा के जलस्तर में बढ़त से बैराज के सभी 30 गेट खोल दिए गए हों. बुधवार को गंगा बैराज की अपस्ट्रीम पर 113 मीटर और डाउन स्ट्रीम में 112 मीटर पर जलस्तर रहा. वहीं, शुक्लागंज की तरफ भी जलस्तर बढ़कर 110.330 मीटर पर वॉटर लेवल आ गया है. सिंचाई विभाग के अफसरों ने बताया कि हरिद्वार से 41 हजार 307 क्यूसेक और नरोरा से 57 हजार 541 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है. नरोरा से कानपुर तक गंगा का पानी आने में तीन दिन लगते हैं. ऐसे में जलस्तर में लगातार बढ़त की उम्मीद जाहिर की गई है. बढ़ते वॉटर लेवल को देखते हुए गंगा बैराज से भी आगे के लिए लगातार पानी का डिस्चार्ज किया जा रहा है. बुधवार को गंगा बैराज से 55 हजार 472 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज किया गया. वहीं, गंगा के किनारे रहने वाले गांवों में भी सतर्कता बरती जा रही है, ग्रामीणों को बताया गया कि गंगा के चेतावनी बिंदु पर पहुंचते ही कटरी के गांवों को खाली कराना शुरू हो जाएगा. आपको बता दें कि गंगा के चेतावनी बिंदु पर आते ही कटरी का चैनपुरवा गांव सबसे पहले बाढ़ की चपेट में आता है.

