ABC News: कानपुर में पुलिस की सख्त चेकिंग लगातार होते पैदल मार्च के बावजूद दबंगों में इसका खौफ नहीं देखा जा रहा है. इसका नजारा देर रात गोविंदनगर थानाक्षेत्र में नजर आया. यहां पर थाने से चंद कदमों की दूरी पर दबंगों ने बीच सड़क जमकर तांडव मचाया. दबंगों के तांडव से राहगीरों में अफरातफरी मची रही.
इस दौरान दबंगों ने सड़क पर जमकर पथराव किया. दबंगों के पथराव की घटना का एक वीडियो भी सामने आया है. इस दौरान बेखौफ दबंग बीच सड़क पर पथराव करते नजर आ रहे हैं. दबंंगों के पथराव से सड़क पर वाहन सवार अपनी जान और गाड़ियां बचाते हुए नजर आए. पथराव में कई वाहनेां के शीशे टूटने के साथ उनमें डैमेज आया है.
इस दौरान सड़क पर अफरातफरी और दहशत की स्थिति बनी रही. दबंगों द्वारा बीच सड़क पर दहशत फैलाने के लिए किए गए पथराव ने पुलिस की गश्त पर भी सवाल खड़े कर दिए है. बताया जा रहा है कि घटना चावला मार्केट चौराहे के पास की है. पुलिस का कहना है कि मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की गई है. तलाश के दौरान एक व्यक्ति को पकड़ा गया है, उससे पूछताछ की जा रही है.

