ABC News: कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र के नारामऊ चुंगी जीटी रोड हाईवे के पास गुरुवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया. यहां पर गलत दिशा से ओवरटेक करने की कोशिश में तेज रफ्तार दो मोटरसाइकिलें आपस में टकरा गईं. इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि दोनों बाइकों पर सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

बताया जा रहा है कि नानकारी निवासी मयंक दुबे, सिंहपुर निवासी शुभम मिश्रा और तन्वी एक बाइक पर सवार होकर मंधना से आईआईटी गेट की तरफ जा रहे थे. इसी दौरान नारामऊ की ओर से आईआईटी गेट की तरफ जा रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई. बताया जा रहा है कि एक बाइक चालक तेजी से गलत दिशा से ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था. तभी दोनों बाइकें आपस में बुरी तरह उलझ गईं और सड़क पर गिर पड़ीं. हादसे के बाद राहगीरों की मदद से सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया. वहीं, दूसरी बाइक पर सवार कल्याणपुर निवासी रंजीत सोनकर को सीएचसी चौबेपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. उसके साथ मौजूद बैरीअकबरपुर निवासी सुजीत की गंभीर हालत को देखते हुए रामा अस्पताल मंधना में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है.

